Kanpur News: गैंगरेप मामले में फरार दरोगा पर 50 हजार का इनाम घोषित
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बहुचर्चित गैंगरेप मामले में पुलिस की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस मामले में नामजद आरोपी दरोगा अमित मौर्य अब भी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें चप्पे-चप्पे पर दबिश दे रही हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जो भी व्यक्ति आरोपी की सूचना देगा, उसे यह इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस प्रकरण के तूल पकड़ने के बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है, जिसमें कई अधिकारियों पर गाज गिर चुकी है। इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है और एसीपी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
सचेंडी की घटना ने मचाया हड़कंप
यह सनसनीखेज घटना बीते सोमवार देर शाम की है, जब सचेंडी थाना क्षेत्र के एक गांव की एक लड़की अचानक लापता हो गई। देर रात जब वह घर लौटी तो उसने अपने परिजनों को बताया कि दो व्यक्तियों ने उसे जबरन काले रंग की स्कार्पियो कार में बैठाया और झांसी रेलवे लाइन के पास ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी बताया कि इस जघन्य वारदात में एक पुलिसकर्मी भी शामिल था। जब पीड़िता का भाई शिकायत दर्ज कराने भीमसेन चौकी पहुंचा तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे भगा दिया, जिससे पीड़ित परिवार की पीड़ा और बढ़ गई।
इसके बाद पीड़ित परिवार ने उच्च पुलिस अधिकारियों से शिकायत की, तब जाकर मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन उस समय सामूहिक दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराएं नहीं जोड़ी गईं। यह लापरवाही सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया। एडीसीपी पश्चिम कपिलदेव की जांच में यूट्यूबर चंद्रहंसपुर निवासी शिवबरन यादव और गोरखपुर निवासी दरोगा अमित मौर्य को मुख्य आरोपी पाया गया, जिसके बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे।
दरोगा निलंबित
आरोपी दरोगा अमित मौर्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। मुकदमा दर्ज होने के तीन दिन बाद शुक्रवार को मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता के बयान दर्ज कराए गए। करीब आधे घंटे तक पीड़िता ने शिवबरन यादव और अमित मौर्य की हैवानियत का बयान दिया। इसके बाद पीड़िता को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया और पुलिस सुरक्षा में उसके घर भेजा गया।
घटना के बाद से फरार दरोगा अमित मौर्य का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन हाथ अब तक खाली हैं। जेसीपी विनोद सिंह ने जानकारी दी है कि फरार आरोपी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। इस पूरे मामले में पहले ही दो दरोगा और एक इंस्पेक्टर निलंबित किए जा चुके हैं, जबकि एसीपी को लाइन हाजिर कर दिया गया है और डीसीपी को हटाकर मुख्यालय का चार्ज सौंप दिया गया है। लगातार सामने आ रही लापरवाहियों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read: नशे के सौदागर पर ANTF की बड़ी कार्रवाई, कानपुर के तस्कर अभिषेक शुक्ला की 75 लाख की संपत्ति फ्रीज

