कुशीनगर: ATM केबिन में ‘मददगार’ बनकर आया और 40 हजार ले उड़ा, शातिर की तलाश तेज
पडरौना (कुशीनगर): अगर आप भी एटीएम से पैसे निकालते समय किसी अनजान व्यक्ति को अपने पास खड़े होने देते हैं, तो यह खबर आपके लिए चेतावनी है। कुशीनगर के सुकरौली नगर पंचायत में एक जालसाज ने नूर मोहम्मद नाम के व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए।
पलक झपकते ही कर दिया खेल
पीड़ित नूर मोहम्मद शुक्रवार को सुकरौली स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गए थे। उन्होंने सफलतापूर्वक 3000 रुपये निकाल लिए, लेकिन तभी केबिन में पहले से मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने बड़ी चतुराई से नूर के हाथ से कार्ड ले लिया। नूर मोहम्मद ने जब इसका विरोध किया, तो उस व्यक्ति ने तुरंत कार्ड वापस कर दिया।
नूर मोहम्मद को लगा कि कार्ड वापस मिल गया है, इसलिए वे निश्चिंत होकर घर चले गए। उन्हें जरा भी भनक नहीं लगी कि जो कार्ड उनके हाथ में है, वह उनका नहीं बल्कि जालसाज का कोई पुराना या बेकार कार्ड है।
मोबाइल पर मैसेज आते ही उड़े होश
नूर मोहम्मद अभी घर पहुंचे ही थे कि उनके मोबाइल पर खाते से 40 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। मैसेज देखते ही वे सन्न रह गए। जब उन्होंने अपना बटुआ चेक किया और कार्ड देखा, तो पता चला कि जालसाज ने उनका कार्ड बदल दिया था। उन्होंने तुरंत बैंक को सूचना देकर खाता लॉक करवाया और हाटा कोतवाली में तहरीर दी।
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेंट्रल बैंक के मैनेजर ने बताया कि एटीएम केबिन के भीतर लगे कैमरों की फुटेज दिल्ली मुख्यालय से मंगवाई जा रही है। फुटेज मिलते ही संदिग्ध की पहचान कर ली जाएगी। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जालसाज की तलाश शुरू कर दी है।
एटीएम इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
एटीएम केबिन के अंदर किसी भी अनजान व्यक्ति को न आने दें।
अपना पिन (PIN) दर्ज करते समय कीपैड को दूसरे हाथ से छिपा लें।
कभी भी किसी अजनबी को अपना एटीएम कार्ड हाथ में न दें, चाहे वह कितनी ही मदद की पेशकश क्यों न करे।
ट्रांजैक्शन पूरा होने के बाद ‘Cancel’ बटन दबाना न भूलें।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: नशे के सौदागर पर ANTF की बड़ी कार्रवाई, कानपुर के तस्कर अभिषेक शुक्ला की 75 लाख की संपत्ति फ्रीज

