बांग्लादेश का जिक्र कर बोले सीएम योगी, सेकुलरिज्म का ठेका लेने वालों के मुंह पर चिपक गया है फेविकोल

Prayagraj News: संगम नगरी में संतों के जमावड़े के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाज में विभाजन पैदा करने वाली ताकतों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि अगर हिंदू समाज जाति और संप्रदाय के नाम पर बंटा रहा, तो उसका परिणाम सर्वनाश होगा।

सीएम योगी ने उन राजनीतिक दलों और बुद्धिजीवियों पर निशाना साधा जो अक्सर मानवाधिकारों की बात करते हैं। उन्होंने कहा, जो लोग सेकुलरिज्म का ठेका लेकर चलते हैं और हिंदू समाज को तोड़ने में ताकत लगाते हैं, आज बांग्लादेश की हिंसा पर उनके मुंह पर जैसे फेविकोल और टेप चिपक गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि बांग्लादेश में दलित और कमजोर हिंदुओं को काटा जा रहा है, लेकिन यहाँ कोई कैंडल मार्च क्यों नहीं निकल रहा? यह चुप्पी हमारे लिए एक बड़ी चेतावनी है।

विरासत को संजोने के लिए स्मारक बनवाएगी सरकार

भक्ति आंदोलन के प्रणेता जगद्गुरु रामानंदाचार्य को नमन करते हुए सीएम ने कहा कि उन्होंने उस दौर में समाज को एकजुट किया था जब विदेशी आक्रांता सनातन धर्म को कुचलना चाहते थे। सीएम ने संतों से आह्वान किया कि दारागंज में जिस स्थान पर रामानंदाचार्य जी प्रकट हुए थे, वहां उनके भव्य स्मारक और मंदिर के निर्माण में सरकार हर संभव सहयोग करेगी। योगी ने कहा कि रामानंदाचार्य जी ने कबीर और रविदास जैसे अलग-अलग जातियों के शिष्यों को जोड़कर समाज का ताना-बाना बुना था, जिसे आज कुछ लोग नारों की आड़ में फिर से तोड़ना चाहते हैं।

अयोध्या और पीएम मोदी का जिक्र

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को संतों की एकता का फल बताया। उन्होंने कहा कि 1952 से अब तक कई प्रधानमंत्री आए, लेकिन नरेंद्र मोदी पहले ऐसे पीएम हैं जिन्होंने अयोध्या की मूल आत्मा को सम्मान दिया और भव्य मंदिर का सपना साकार किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह राम मंदिर पर ध्वज लहरा रहा है, वैसे ही दुनिया भर में सनातन का झंडा फहराएगा और फिर कोई हिंदुओं को छूने का दुस्साहस नहीं कर पाएगा।

सीएम योगी ने सुबह त्रिवेणी में डुबकी लगाने के बाद कहा कि 8-10 साल पहले गंगा की स्थिति ऐसी नहीं थी। उन्होंने बताया कि इस बार माघ मेले में अब तक एक करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं, जिसमें केवल पौष पूर्णिमा के दिन ही 31 लाख लोगों ने डुबकी लगाई। उन्होंने नमामि गंगे अभियान के लिए पीएम मोदी का आभार जताया।

Also Read: प्रयागराज में सीएम योगी ने किया गंगा पूजन, माघ मेले की तैयारियों का लिया जायजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.