Jaunpur News: पति ने मंडप में खड़े होकर प्रेमी से कराई पत्नी की शादी, आशीर्वाद देकर किया विदा
Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक पति ने अपनी पत्नी की खुशी के लिए न केवल अपने चार साल पुराने रिश्ते को कुर्बान कर दिया, बल्कि खुद अपनी देखरेख में पत्नी का विवाह उसके प्रेमी से करवाया। जौनपुर कचहरी परिसर स्थित मंदिर में जब पत्नी अपने प्रेमी को वरमाला पहना रही थी, तब पति वहीं खड़े होकर इस नए जोड़े को आशीर्वाद दे रहा था।
मिर्जापुर के रहने वाले तन्जय प्रजापति की शादी 2022 में जलालपुर (जौनपुर) की पम्मी से हुई थी। दोनों का एक छोटा बेटा भी है। सब कुछ ठीक चल रहा था और परिवार महाराष्ट्र में रह रहा था। इसी बीच, पम्मी अपने पुराने प्रेमी राजू बैरागी के साथ मुंबई से भागकर गांव आ गई। तन्जय ने पहले तो पुलिस में शिकायत की, लेकिन जब उसे पत्नी की पसंद का पता चला, तो उसने बदले के बजाय विदाई का रास्ता चुना।
मंदिर में रचाई शादी, कोर्ट में हुई लिखा-पढ़ी
तन्जय दोनों को लेकर जौनपुर कचहरी पहुँचा। वहाँ वकीलों की मौजूदगी में आपसी सहमति से कागजी कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद मंदिर में पम्मी ने अपने प्रेमी राजू को जयमाला पहनाई और राजू ने उसकी मांग भरी। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान तन्जय एक गवाह की तरह खड़ा रहा। वीडियो में सबसे भावुक पल तब था, जब नई जिंदगी शुरू करने जा रहे जोड़े ने तन्जय के पैर छुए और उसने मुस्कुराहट के साथ उन्हें सुखी रहने का आशीर्वाद दिया।
पम्मी का कहना है कि राजू उसके स्कूल का साथी है और वह उससे बहुत प्यार करती है। उसने आरोप लगाया कि उसकी शादी झूठ बोलकर कराई गई थी और वह अपने पति के साथ खुश नहीं थी। जबकि राजू ने बताया कि उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। पम्मी के संपर्क में आने के बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया।
तन्जय ने बड़ी मैच्योरिटी दिखाते हुए कहा कि आज के समय में प्रेम संबंधों के चक्कर में कई हत्याएं और अपराध होते हैं, उससे बेहतर है कि दोनों को खुशी-खुशी विदा कर दिया जाए। तन्जय ने अपने बेटे की सुरक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी खुद उठाने का फैसला किया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि चूंकि दोनों पक्षों ने अपनी मर्जी से लिखित समझौता किया है, इसलिए कानूनी तौर पर भी भविष्य में किसी विवाद की गुंजाइश नहीं छोड़ी गई है। समाज में इस घटना की काफी चर्चा हो रही है, जहाँ लोग तन्जय के इस त्याग को एक बड़ी मिसाल मान रहे हैं।
Also Read: Lucknow News: मड़ियांव में अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ खुलासा

