बहराइच में तिहरा हत्याकांड या मजबूरी का अंत? तालाब में मिले मां और दो मासूमों के शव, पिता ने लगाए ये आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक ऐसी घटना हुई जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। एक किराए के मकान में रहने वाली 35 वर्षीय आशा और उसकी दो छोटी बेटियों 7 साल की नंदिनी और मात्र 2 साल की प्राची के शव घर के पीछे स्थित तालाब से बरामद हुए। घटना के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं, जिससे शक की सुई उनकी ओर घूम गई है।
रात के अंधेरे में चीख-पुकार
घटना शनिवार देर रात की है। पयागपुर बस स्टॉप के पास रहने वाले लोगों को तालाब में कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। जब तक लोग इकट्ठा हुए और अंधेरे में तलाश शुरू की, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आशा और उसकी बड़ी बेटी नंदिनी को बाहर निकाला। आशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि नंदिनी की सांसें अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार सुबह थम गईं। सबसे छोटी बेटी प्राची का पता रात में नहीं चल सका। रविवार सुबह 11 बजे गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव तालाब से बाहर निकाला।
“बेटियां पैदा करना गुनाह बन गया”: मायके वालों का दर्द
खबर मिलते ही मृतका के पिता कन्हैया लाल मौके पर पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में ससुराल वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि 12 साल पहले हुई इस शादी में लगातार दो बेटियां पैदा होने से ससुराल वाले खुश नहीं थे। आशा को ‘बेटा न दे पाने’ के लिए रोज मानसिक और शारीरिक तौर पर प्रताड़ित किया जाता था। प्रताड़ना का सिलसिला यहीं नहीं थमा, उससे दहेज और पैसों की भी लगातार मांग की जा रही थी। पिता का सीधा आरोप है कि उनके दामाद और ससुराल वालों ने मिलकर उनकी बेटी और दोनों नातिनों की हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शवों को तालाब में फेंक दिया।
पुलिस की जांच और फरार ससुराल पक्ष
थानाध्यक्ष संजय सिंह के मुताबिक, मामला दर्ज कर लिया गया है और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही साफ हो पाएगा कि मौत पानी में डूबने से हुई है या उन्हें पहले मारकर तालाब में फेंका गया था। घटना के बाद से पति विष्णु गुप्ता और उसका परिवार घर से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
Also Read: अबू आजमी ने नितेश राणे को बताया बौना मंत्री, बोले- दम है तो पुलिस हटाकर मस्जिद में घुसकर दिखाओ

