Lucknow News: गैंगस्टर एक्ट में वांछित मनोज यादव और उसका साथी गिरफ्तार, हुए कई खुलासे

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लखनऊ कमिश्नरेट की माल थाना पुलिस ने दो बड़े अपराधियों को दबोचा है। पकड़े गए ये बदमाश गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित थे और लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे थे।

काकराबाद अंडरपास पर घेराबंदी कर दबोचे गए अपराधी

प्रभारी निरीक्षक नवाब अहमद और उप-निरीक्षक हरिओम सिंह की टीम रविवार को क्षेत्र में चेकिंग और अपराधियों की तलाश में थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने काकराबाद अंडरपास के पास जाल बिछाया। पुलिस की घेराबंदी देख भागने की कोशिश कर रहे मनोज यादव और लवकुश कश्यप को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

कौन हैं ये पकड़े गए बदमाश?

काकोरी के घनश्यामपुर का रहने वाला 25 वर्षीय मनोज यादव इस गैंग का सरगना है। इसके खिलाफ लखनऊ के अलग-अलग थानों (हजरतगंज, आशियाना, मलिहाबाद, वजीरगंज) में चोरी, लूट और धोखाधड़ी के 10 से ज्यादा गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। जबकि मड़ियांव के घैला गांव का रहने वाला 26 वर्षीय लवकुश कश्यप इस गिरोह का सक्रिय सदस्य है और वारदातों में मनोज का साथ देता था।

पैसे और शौक के लिए बने अपराधी

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि यह गैंग मुख्य रूप से अपने आर्थिक लाभ और भौतिक सुख-सुविधाओं के लिए चोरी, लूट और धोखाधड़ी जैसे अपराधों को अंजाम देता था। इनके खिलाफ मलिहाबाद थाने में गैंगस्टर एक्ट (मु0अ0सं0 243/25) के तहत केस दर्ज था, जिसमें इनकी तलाश की जा रही थी।

थाना माल पुलिस ने विधिक औपचारिकताएं पूरी कर दोनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाओं पर लगाम लगेगी।

Also Read: लखनऊ: सरोजनीनगर में चोरी की कोशिश नाकाम, तमंचे और बाइक के साथ 3 शातिर चोर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.