उत्तर प्रदेश के चर्चित वांछितों को फरारी के लिए रास आ रहा है दुबई

Sandesh Wahak Digital Desk/Manish Srivastava: उत्तर प्रदेश के चर्चित वांछित आरोपियों को बचने के लिए दुबई कुछ ज्यादा ही रास आ रहा है। खासतौर से सैकड़ों करोड़ के आर्थिक अपराधों का सेहरा बांधे सुखिऱ्यों में छाए आरोपियों को।

बीते कुछ वर्षों में इन आरोपियों के दुबई फरार होने की रफ़्तार कुछ ज्यादा ही तेज हुई। कहने को भगोड़े अपराधियों की जांचें राज्य स्तरीय एसटीएफ से लेकर सीबीआई और ईडी समेत देश की नामी एजेंसियां के पास हैं, लेकिन इन वांछितों के दुबई में छिपे होने के कारण एजेंसियां भी मानो बेबस हैं, जबकि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत की प्रत्यर्पण संधि तक है।

भगोड़े अपराधी की फेहरिस्त में सबसे पहला नाम शाइन सिटी कम्पनी के सर्वेसर्वा और पांच लाख के इनामी राशिद नसीम का है। जिस पर देश में सैकड़ों केस दर्ज हैं। 2019 में तकरीबन 60 हजार करोड़ के घोटाले का आरोपी राशिद दुबई भाग गया था। ये भगोड़ा आर्थिक अपराधी दुबई से अपना फर्जीवाड़ा संचालित करके आम निवेशकों को आज भी बरगला रहा है। एजेंसियां सिर्फ हाथ पर हाथ धरे सम्पत्तियां जब्त करने का खोखला ढिंढोरा ही पीटने में मशगूल हैं। ईडी ने इसे भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया है। एजेंसियों को ठेंगा दिखाते हुए राशिद ने दूसरे आर्थिक अपराधी मेहुल चौकसी के साथ लंदन के पते पर कंपनियां तक रजिस्टर्ड कराई थीं।

विदेश से बेखौफ चला रहे मनी लॉन्ड्रिंग समेत अपराधों का बड़ा नेटवर्क

यूपी के सबसे चर्चित कोडीन कफ सिरप काण्ड का मास्टरमाइंड वाराणसी निवासी शुभम जायसवाल भी दुबई में है। एसटीएफ की जांच के मुताबिक सिरप तस्करी के जरिये 800 करोड़ से ज्यादा की कमाई करते हुए दुबई में काफी निवेश भी किया है। शुभम के साथ इस काण्ड में आरोपी आसिफ और आजमगढ़ का विकास सिंह नर्वे भी दुबई में छिपा। संभावना है कि शुभम के ऊपर दाऊद के गुर्गों का हाथ है। प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में वांछित माफिया अतीक अहमद का ख़ास पांच लाख का इनामी गुड्डू मुस्लिम भी एसटीएफ को चकमा देकर दुबई भाग चुका है।

सहारनपुर का चर्चित खनन माफिया और शीर्ष दस माफियाओं में शुमार एक लाख का इनामी पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल भी दुबई में है। दुबई के कारोबारी संग तस्वीरें भी वायरल हुई थीं। 26 वर्ष का चर्चित यूट्यूबर और ऑनलाइन सट्टेबाजी केस में फंसा सैकड़ों करोड़ का मालिक उन्नाव निवासी अनुराग दिवेदी भी इसी सूची में है। जिसने इस काली कमाई से दुबई में क्रूज पर भव्य शादी तक रचाई है। ईडी ने हालही में इसके ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसी तरह संभल हिंसा का मास्टरमाइंड शारिक साटा भी दुबई में मौज काट रहा है।

सूची में पांच लाख की इनामी कई लेडी डॉन भी

सूत्रों के मुताबिक दुबई में कई लेडी डॉन भी भूमिगत हैं। इसमें माफिया अतीक की पत्नी पांच लाख की इनामी शाइस्ता परवीन, भाई अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा, बहन आयशा नूरी भी शामिल हैं। बाइक बोट घोटाले के मुखिया संजय भाटी की पत्नी पांच लाख की इनामी लेडी डॉन दीप्ति बहल का नाम भी इसमें है।

दुबई में बैठा है सैकड़ों करोड़ की साइबर ठगी का ‘किंग’

दुबई में शातिर अपराधी गैंग आपरेट करके यूपी में अपराधों की कलंक कथा भी लिख रहे हैं। इसमें आठवीं पास साइबर ठगी का किंग नितिन भगौर भी शामिल है। आगरा पुलिस ने 300 करोड़ की साइबर ठगी में लिप्त गैंग के 32 सदस्यों को पकड़ा है। किंगपिन दुबई में बैठकर अरबों की काली कमाई कर रहा है।

 

Also Read: यूपी में फिर लौटी कड़ाके की ठंड: 6 जिलों में शीतलहर की चेतावनी और तराई में घने कोहरे का ‘ऑरेंज अलर्ट’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.