संभल में सरकारी जमीन पर चला ‘बुलडोजर’, सिरसी में 10 साल पुराने अवैध मकानों पर हुई कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: संभल जिले के सिरसी कस्बे में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बड़ा अभियान देखने को मिला। मोहल्ला शर्की में ग्राम समाज और खाद के गड्ढों के लिए आरक्षित जमीन पर करीब एक दशक पहले कुछ लोगों ने पक्के मकान बना लिए थे। लंबी कानूनी लड़ाई के बाद अब प्रशासन ने इन मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोर्ट के आदेश के बाद एक्शन में प्रशासन
यह मामला काफी समय से तहसीलदार न्यायालय में चल रहा था। शिकायतों और तथ्यों की जांच के बाद न्यायालय ने इन मकानों को अवैध घोषित करते हुए खाली करने का आदेश दिया था। जब तय समय सीमा के भीतर मकान स्वामियों ने कब्जा नहीं हटाया, तो प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जेसीबी के साथ मौके पर दस्तक दी।
नोटिस मिलते ही इलाके में मची खलबली
शनिवार को नायब तहसीलदार बबलू कुमार ने राजस्व टीम के साथ पहुंचकर 8 मकान स्वामियों को सोमवार तक का अल्टीमेटम दिया था। प्रशासन की ओर से की गई इस घेराबंदी और बुलडोजर की आहट ने लोगों के मन में डर पैदा कर दिया। नतीजा यह हुआ कि सोमवार की डेडलाइन से पहले ही रविवार को कई परिवार खुद अपने मकानों को तोड़ते नजर आए।
टूटे आशियाने, आंखों में दिखे आंसू
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। अयूब हसन, जुल्फिकार हुसैन, असकरी और कामिल समेत कई लोगों के मकानों को तोड़ा गया। वर्षों की जमा-पूंजी और मेहनत से बनाए गए घरों को मलबे में तब्दील होते देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवारों में गम और नाराजगी साफ तौर पर देखी गई, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना उनकी प्राथमिकता है।
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के आदेश के तहत की जा रही है और आरक्षित भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Also Read: Lucknow News: जनता दर्शन में उप मुख्यमंत्री ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

