Lucknow News: आराधना मिश्रा बोलीं- सिर्फ मनरेगा का नाम नहीं, गांधी जी का विजन मिटाने की हो रही साजिश

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में सोमवार को एक अहम प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता और विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने केंद्र की मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मनरेगा का नाम बदलकर ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ करना बापू के दर्शन को खत्म करने की एक गहरी साजिश है।

“मनरेगा ग्रामीण भारत की जीवनरेखा है”

आराधना मिश्रा ने याद दिलाया कि 2 फरवरी 2006 को डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार ने देश के गरीब और अंतिम व्यक्ति को काम का अधिकार देने के लिए मनरेगा की शुरुआत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह वही विचारधारा है जिसने हमेशा गांधी जी का विरोध किया और अब उनके नाम को योजनाओं से मिटाना चाहती है। उन्होंने कहा, “यह केवल नाम बदलना नहीं, बल्कि गरीबों के हक़ पर हमला है। बजट में लगातार कटौती के बाद अब गांधी जी का नाम हटाना उनकी सोच को मिटाने की कोशिश है।”

24 जनवरी से ‘गांव-गांव’ अभियान

कांग्रेस ने इस मुद्दे पर चुप न बैठने का फैसला किया है। आराधना मिश्रा ने बताया कि 24 जनवरी से देशभर में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता हर गांव में जाकर पंपलेट बांटेंगे और ग्रामीणों को बताएंगे कि कैसे मनरेगा को कमजोर कर मजदूरों और किसानों का नुकसान किया जा रहा है। कांग्रेस इस मुद्दे को ‘सड़क से संसद’ तक ले जाएगी।

वोटर लिस्ट और 403 सीटों की तैयारी

आगामी चुनावों को लेकर आराधना मिश्रा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपनी तैयारी पूरी रखेगी। उन्होंने चुनाव आयोग की मतदाता पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में करीब 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाना एक संवैधानिक अपराध और लोकतंत्र पर हमला है। इसके खिलाफ कांग्रेस अगले 100 दिनों तक ‘संविधान संवाद’ कार्यक्रम चलाएगी। इसका समापन लखनऊ के रामाबाई मैदान में एक विशाल रैली के साथ होगा, जिसमें केंद्रीय नेतृत्व भी शिरकत करेगा।

पंचायत चुनाव पर फोकस और प्रियंका गांधी का विजन

सपा के साथ गठबंधन के सवाल पर ‘मोना’ ने फिलहाल सस्पेंस बरकरार रखा, लेकिन यह जरूर कहा कि पार्टी का तत्काल लक्ष्य पंचायत चुनाव और शिक्षक/स्नातक एमएलसी चुनाव हैं।

यह प्रेस वार्ता प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन के मौके पर आयोजित की गई थी। इस दौरान आराधना मिश्रा ने प्रियंका गांधी के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में यूपी कांग्रेस फिर से मजबूती से खड़ी होगी। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह मनरेगा, संविधान और लोकतंत्र जैसे मुद्दों पर अब आक्रामक होकर जनता के बीच जाएगी।

Also Read: यूपी ब्यूरोक्रेसी में बड़ा प्रमोशन: संजय प्रसाद और मुकेश मेश्राम समेत 5 IAS बने अपर मुख्य सचिव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.