Budaun News: मेंथा फैक्टरी के केबिन में मृत मिले 3 सुरक्षा गार्ड, दम घुटने या हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

Budaun News: बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र के कुड़ा नरसिंहपुर गांव में स्थित एक बंद पड़ी मेंथा फैक्टरी में मंगलवार की सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब वहां तैनात तीन गार्ड्स के शव एक केबिन के अंदर जमीन पर पड़े मिले। मृतकों की पहचान जोगेंद्र यादव (30 वर्ष), भानु यादव (26 वर्ष) और विवेक यादव के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, यह फैक्टरी फिलहाल बैंक ऑफ बड़ौदा में बंधक है और इसकी सुरक्षा के लिए इन तीनों गार्ड्स की तैनाती की गई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में एक अहम बात सामने आई है केबिन के अंदर हीटर (अंगीठी) जलता हुआ पाया गया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि कड़ाके की ठंड से बचने के लिए गार्ड्स ने केबिन के अंदर हीटर जलाया होगा और बंद कमरे में ऑक्सीजन की कमी व जहरीली गैस (कार्बन मोनोऑक्साइड) की वजह से दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

शवों पर चोट का कोई भी बाहरी निशान नहीं मिला है। वहीं दूसरी तरफ, जोगेंद्र यादव के परिवार वालों ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार कर दिया है। परिजनों ने सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया है। गौरतलब है कि यह वही मेंथा फैक्टरी है जो कुछ महीने पहले भी चर्चा में आई थी, जब यहाँ भीषण आग लग गई थी। बार-बार हो रहे हादसों और अब इन तीन मौतों ने ग्रामीणों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।

Also Read: अमेरिकी कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, गलत तरीके से डिपोर्ट किए गए भारतीय को वापस बुलाने का आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.