कैसरगंज: समाजसेवी डॉ. अरविंद सिंह विसेन ने लगवाया मुफ्त नेत्र शिविर, भाजपा जिलाध्यक्ष ने की शिरकत
Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच के कैसरगंज क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक शानदार पहल की गई है। प्रतिष्ठित जी बी हॉस्पिटल (G B Hospital) में समाजसेवी और भाजपा नेता डॉ. अरविंद सिंह विसेन की ओर से निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के जरिए क्षेत्र के उन जरूरतमंदों को आंखों की जांच और इलाज की सुविधा मिली, जो अक्सर आर्थिक तंगी के कारण इसे टाल देते थे।
मुख्य अतिथि बृजेश पाण्डेय ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय मौजूद रहे। अस्पताल पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और आयोजकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
संबोधन के दौरान बृजेश पाण्डेय ने कहा, “समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना ही असल सेवा है। डॉ. अरविंद सिंह विसेन जैसे समाजसेवी जिस तरह से लोगों की आंखों की रोशनी बचाने का प्रयास कर रहे हैं, वह वाकई काबिले तारीफ है।”
सैकड़ों लोगों ने कराया आंखों का चेकअप
आयोजक डॉ. अरविंद सिंह विसेन ने बताया कि शिविर में सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग गई थीं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने न केवल आंखों की जांच की, बल्कि चश्मे और दवाओं के बारे में सही सलाह भी दी। डॉ. विसेन ने संकल्प दोहराते हुए कहा, “मेरा उद्देश्य केवल समाज की सेवा करना है। भविष्य में भी कैसरगंज के हर गांव और घर तक ऐसे शिविरों का लाभ पहुंचाया जाएगा।”
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
इस नेक कार्य में सहयोग देने के लिए भाजपा संगठन के कई दिग्गज भी पहुंचे। मंडल अध्यक्ष शिवानंद सिंह, शिव सहाय सिंह मुनीम, बुद्धि सागर गुप्ता, प्रमोद गुप्ता और बादशाह सिंह जैसे पदाधिकारियों ने इस पहल को जनकल्याणकारी बताया। स्थानीय लोगों ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि घर के पास मुफ्त में आँखों की जांच होने से उन्हें काफी सहूलियत हुई है।
Also Read: लखनऊ नगर निगम का बड़ा एक्शन: जोन-7 में टैक्स न भरने वाली 52 दुकानें सील

