चंदौली: 100 की रफ्तार से कहर बरपाती स्कॉर्पियो ने 5 को रौंदा, एक की मौत, चार वाहन क्षतिग्रस्त

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। मुगलसराय थाना क्षेत्र के व्यस्त पड़ाव चौराहे पर 100 किमी/घंटा से अधिक की रफ्तार से दौड़ रही एक पश्चिम बंगाल नंबर की काली स्कॉर्पियो ने कई वाहनों को रौंदते हुए डिवाइडर से टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

बेकाबू रफ्तार और तबाही का मंजर

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे की है जब स्कॉर्पियो मुगलसराय से वाराणसी की ओर जा रही थी। स्कॉर्पियो ने सबसे पहले वाराणसी से काम कर लौट रहे साइकिल सवार इरशाद अहमद (25) को टक्कर मारी। इसके बाद बेकाबू गाड़ी ने एक अन्य साइकिल, एक ऑटो, एक टोटो और सड़क किनारे खड़ी एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए और स्कॉर्पियो अंततः डिवाइडर से टकराकर रुकी।

चौरहट निवासी इरशाद अहमद की रामनगर के लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। मोहम्मद इस्लाम (20) और सलमान (36) की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें वाराणसी के कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया है। दो अन्य घायलों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।

पुलिसिया कार्रवाई: चालक गिरफ्तार

सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से आरोपी चालक हरीश यादव (30) (निवासी चेतगंज, वाराणसी) को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय गाड़ी में एक और व्यक्ति सवार था जो मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है।

Also Read: महाराष्ट्र निकाय चुनाव 2026: ‘मिनी विधानसभा’ के नतीजे आज, सुबह 10 बजे से शुरू होगी महा-गिनती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.