Prayagraj News: माघ मेला में अखंड ज्योति से लगी आग में युवक गंभीर रूप से झुलसा

Prayagraj News: संगम नगरी प्रयागराज में चल रहे आस्था के महापर्व माघ मेला में आग लगने की घटनाओं ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। पुरानी रेलवे लाइन के पास स्थित एक कैंप में बीती रात भीषण आग लग गई। पिछले 48 घंटों के भीतर मेला क्षेत्र में आग लगने की यह तीसरी घटना है। इस हादसे में एक युवक बुरी तरह झुलस गया है, जबकि पूरा टेंट जलकर राख हो गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अनिमेष मिश्रा के मुताबिक, रात करीब 11:08 बजे सूचना मिली कि गणपति और अन्नपूर्णा मार्ग के चौराहे के पास एक कैंप में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां महज 2 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गईं। कुल 8 फायर टेंडरों ने मिलकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सामान पूरी तरह स्वाहा हो चुका था। टेंट के अंदर सो रहा एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तुरंत एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अखंड ज्योति बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण कैंप में जल रही अखंड ज्योति को माना जा रहा है। योगेश मिश्रा ने बताया कि कैंप में अखंड ज्योति जल रही थी और उनका भतीजा वहां सो रहा था। अचानक आग की लपटें देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और उसे बाहर निकाला। कैंप में ठहरी शिव देवी मिश्रा ने बताया, हम सब सो रहे थे, तभी पुलिस ने दरवाजा तोड़कर हमें जगाया। बाहर देखा तो उजाला था और आग की लपटें आसमान छू रही थीं। हम सब जान बचाकर भागे, लेकिन हमारा सारा सामान जल गया।

Also Read: ताजमहल में शाहजहां का 371वां उर्स शुरू, असली कब्रों के दीदार के लिए उमड़ा जनसैलाब, 3 दिन एंट्री फ्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.