Hamirpur News: नाबालिग का अश्लील वीडियो वायरल करने वाला मुठभेड़ में गिरफ्तार
Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में सांप्रदायिक तनाव और जनाक्रोश का कारण बने आरोपी अबान खान को पुलिस ने शुक्रवार को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। नाबालिग हिंदू लड़की को जाल में फंसाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाले इस आरोपी के पैर में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान गोली लगी है।
पुलिस के मुताबिक, भरुआ सुमेरपुर क्षेत्र के रहने वाले अबान खान की तलाश में कई टीमें जुटी थीं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे देवगांव रोड के पास घेरा। पूछताछ में उसने बताया कि जिस मोबाइल से वीडियो वायरल किया था, उसे उसने जंगल में छिपा रखा है। जब पुलिस टीम उसे मोबाइल बरामद कराने ले गई, तो उसने झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखा तमंचा निकाला और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक गोली अबान के दाहिने पैर के घुटने के नीचे लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद कर लिया है।
वीडियो वायरल होने पर सुलग उठा था हमीरपुर
इस घटना ने पूरे कस्बे में भारी तनाव पैदा कर दिया था। वीडियो सामने आने के बाद गुस्साए हिंदू संगठनों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मोर्चा खोल दिया था। आक्रोशित भीड़ ने नारेबाजी करते हुए कस्बे का बाजार बंद करा दिया था और आरोपी के घर पर पथराव किया, जिससे वहां खड़ी कार और घर की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं। पुलिस कार्रवाई में देरी से नाराज लोगों ने कानपुर-सागर हाईवे पर जाम लगाकर जमकर प्रदर्शन किया था। तनाव को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा था।
मुठभेड़ में घायल अबान खान को पुलिस तुरंत पीएचसी सुमेरपुर लेकर आई, जहां उसका इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट और जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: W,W,W… हैट्रिक लेकर मचाई सनसनी, टी20 वर्ल्ड कप टीम में नहीं मिली थी जगह

