अगले दो दिन मुफ्त में कर सकेंगे ताजमहल का दीदार

Sandesh Wahak Digital Desk: सात अजूबों में शामिल ताजमहल में मुगल बादशाह शाहजहां का 371वां सालाना उर्स गुरुवार से पूरे धार्मिक उत्साह और परंपरागत रस्मों के साथ शुरू हो गया। उर्स के मौके पर ताजमहल में पर्यटकों के लिए प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क कर दिया गया, जिसका असर पहले ही दिन देखने को मिला। एंट्री फ्री होते ही करीब 60 हजार पर्यटक ताजमहल पहुंच गए, जिससे स्मारक परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर एएसआई, ताज सुरक्षा पुलिस और सीआईएसएफ को दिनभर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

जनता को मिली खास अनुमति

सालाना उर्स साल का वह इकलौता अवसर होता है, जब ताजमहल के मुख्य गुंबद के नीचे स्थित शाहजहां और मुमताज की असली कब्रों वाले तहखाने को आम लोगों के लिए खोला जाता है। गुरुवार को देशी और विदेशी पर्यटकों ने हजारों की संख्या में इन असली कब्रों का दीदार किया। नि:शुल्क प्रवेश की वजह से सुबह से ही ताजमहल के बाहर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं और हर कोई इस खास मौके का गवाह बनना चाहता था।

शाहजहां का 371वां उर्स तीन दिनों तक यानी 17 जनवरी तक चलेगा। पहले दिन गुरुवार को परंपरागत रूप से गुस्ल की रस्म अदा की गई। इसके बाद एएसआई अधिकारियों और उर्स कमेटी के सदस्यों ने मिलकर फल और फूलों की चादर चढ़ाई। दूसरे दिन शुक्रवार को संदल की रस्म निभाई जाएगी और शाम के समय कव्वाली का आयोजन होगा। वहीं तीसरे दिन शनिवार को भव्य चादरपोशी की रस्म अदा की जाएगी, जिसमें रिकॉर्ड 1,720 मीटर लंबी सतरंगी चादर चढ़ाई जाएगी। इसके बाद लंगर का आयोजन भी किया जाएगा।

करीब तीन दर्जन लोग परिजनों से बिछड़े

भारी भीड़ के चलते ताजमहल परिसर में कई जगह अव्यवस्था भी देखने को मिली। नि:शुल्क प्रवेश का लाभ उठाने पहुंचे कई पर्यटकों ने नियमों की अनदेखी करते हुए मुख्य गुंबद के बाहर ही जूते और चप्पल उतार दिए। इसके अलावा उद्यान क्षेत्र में भी लोगों की अनियंत्रित चहलकदमी नजर आई, जिससे सुरक्षा कर्मियों को व्यवस्था बनाए रखने में काफी परेशानी हुई।

भीड़ इतनी ज्यादा थी कि करीब तीन दर्जन लोग, जिनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल थे, अपने परिजनों से बिछड़ गए। हालांकि ताज सुरक्षा पुलिस और सीआईएसएफ के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी बिछड़े लोगों को खोज निकाला और उन्हें सुरक्षित उनके परिवारजनों से मिलवाया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

ताजमहल की बदली हुई व्यवस्था

दरसल शुक्रवार होने की वजह से ताजमहल की व्यवस्था में कुछ बदलाव किया गया है। सुबह से दोपहर 2 बजे तक स्मारक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। दोपहर 2 बजे के बाद ताजमहल में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा और लोग शाहजहां और मुमताज की असली कब्रों को देख सकेंगे। स्थानीय नमाजियों के लिए हर शुक्रवार की तरह नमाज के दौरान प्रवेश की व्यवस्था सामान्य रूप से जारी रहेगी। उर्स के अगले दो दिनों में भी भीड़ और बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

 

Also Read: लखनऊ को मिल रहा नया रूप: 195 करोड़ में बनेंगे बर्ड एवियरी और संविधान पार्क

Get real time updates directly on you device, subscribe now.