हाई-सिक्योरिटी बैरक में सेंध? अमिताभ ठाकुर के पास पहुंचा धमकी भरा पत्र, लिखा- ‘जान से मार देंगे’
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के चर्चित पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर, जो इन दिनों धोखाधड़ी के एक मामले में देवरिया जेल में बंद हैं, उनकी सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। शुक्रवार सुबह अमिताभ ठाकुर को जेल के भीतर ही जान से मारने की धमकी भरा एक पत्र मिला है, जिसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
पत्थर में लिपटा मिला ‘मौत का पैगाम’
जानकारी के अनुसार, अमिताभ ठाकुर देवरिया जेल की हाई-सिक्योरिटी बैरक में बंद हैं। शुक्रवार को उनके बैरक के बाहर एक पत्थर का टुकड़ा फेंका गया, जिसमें कंप्यूटर से टाइप किया हुआ एक कागज लिपटा था। इस पत्र में अमिताभ ठाकुर के लिए अपशब्दों (गाली-गलौज) का इस्तेमाल किया गया था और साफ तौर पर लिखा था “जान से मार देंगे”।
अमिताभ ठाकुर के वकील प्रवीन द्विवेदी ने शुक्रवार को जेल में उनसे मुलाकात की। वकील ने बताया कि इस घटना के बाद अमिताभ ठाकुर बेहद डरे हुए हैं और उन्हें जेल के अंदर अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।
जेल प्रशासन और पुलिस अलर्ट
धमकी भरा पत्र मिलते ही अमिताभ ठाकुर ने तुरंत इसकी सूचना जेल अधीक्षक को दी। देवरिया जेल अधीक्षक प्रेम सागर शुक्ल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) को पूरी रिपोर्ट भेज दी है। जेल प्रशासन यह जांच कर रहा है कि हाई-सिक्योरिटी बैरक जैसी सुरक्षित जगह पर यह पत्र पहुंचा कैसे?
जेल अधीक्षक ने कहा कि “बंदी अमिताभ ठाकुर ने बैरक के पास धमकी भरा पत्र मिलने की शिकायत की है। उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और जल्द ही इस मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।”
कल जमानत पर होनी है अहम सुनवाई
गौरतलब है कि अमिताभ ठाकुर को साल 1999 के एक पुराने जमीन विवाद (देवरिया इंडस्ट्रियल प्लॉट) से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में 10 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। सीजेएम कोर्ट से जमानत अर्जी खारिज होने के बाद अब जिला जज की अदालत में उनकी जमानत याचिका दाखिल की गई है, जिस पर शनिवार (17 जनवरी) को सुनवाई होनी है। इसी दिन उनकी पत्नी नूतन ठाकुर की अग्रिम जमानत अर्जी पर भी अदालत में सुनवाई तय है।
जेल के भीतर एक पूर्व आईपीएस अधिकारी को इस तरह की धमकी मिलना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब सभी की नजरें कल होने वाली अदालती कार्रवाई और पुलिस की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
Also Read: बागपत: बकरी पालन का पैसा दिलाने के नाम पर रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार, विभाग में मचा हड़कंप

