ट्रांसपोर्ट नगर के आवंटियों के लिए खुशखबरी, अब आसानी से फ्री-होल्ड होंगे भूखंड, LDA लगाएगा विशेष कैंप

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने ट्रांसपोर्ट नगर योजना के तहत आने वाले लीज डीड भूखंडों को ‘फ्री-होल्ड’ करने की प्रक्रिया को रफ्तार दे दी है। आवंटियों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्राधिकरण ने एक विशेष कैंप लगाने का निर्णय लिया है, जहाँ एक ही छत के नीचे सभी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

29 जनवरी को लगेगा विशेष शिविर

LDA के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि यह कैंप 29 जनवरी 2026 को गोमती नगर स्थित प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में आयोजित किया जाएगा। शिविर का समय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक रहेगा।

गौरतलब है कि ट्रांसपोर्ट नगर योजना की शुरुआत साल 1980 में हुई थी। इस योजना में 50 वर्गमीटर से लेकर 1,000 वर्गमीटर तक के लगभग 1900 भूखंड हैं। वर्तमान में यहां ज्यादातर गोदाम और एजेंसियां संचालित हो रही हैं। ये सभी भूखंड पहले लीज पर आवंटित किए गए थे। लंबे समय से आवंटी इन्हें फ्री-होल्ड करने की मांग कर रहे थे, जिसे प्राधिकरण बोर्ड ने पिछले वर्ष मंजूरी दे दी थी।

कैंप में जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

जो आवंटी अपने भूखंड को लीज से फ्री-होल्ड कराना चाहते हैं, उन्हें कैंप में निम्नलिखित तैयारियों के साथ आना होगा। इसके साथ ही भूखंड से संबंधित सभी मूल दस्तावेजों की सत्यापित प्रतियां लानी होगी। साथ ही स्वामित्व या आवंटन से जुड़े अन्य आवश्यक साक्ष्य। कैंप में मौजूद अधिकारी प्राप्त आवेदनों का तुरंत परीक्षण करेंगे और नियमानुसार फ्री-होल्ड की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे।

प्राधिकरण के इस कदम से उन सैकड़ों व्यापारियों और भूखंड स्वामियों को बड़ी राहत मिलेगी जो वर्षों से मालिकाना हक (फ्री-होल्ड) पाने का इंतजार कर रहे थे।

Also Read: वोटर लिस्ट विवाद: अब सुप्रीम कोर्ट जाएगी सपा, अखिलेश यादव ने पूछा- किसकी लिस्ट सही, राज्य की या केंद्र की?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.