लखनऊ: प्रेमिका से शादी नहीं हुई तो चाची को दी दर्दनाक मौत, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र में एक महीने पहले गायब हुई महिला की हत्या का मामला सुलझ गया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पड़ोसी और रिश्ते में भतीजे लगने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। शादी का रिश्ता टूटने से नाराज युवक ने न केवल अपनी चाची की गला दबाकर हत्या की, बल्कि पहचान छिपाने के लिए शव को सरसों के खेत में फेंक दिया और उसके गहने भी लूट लिए।
सरसों के खेत में मिला था ‘मौत का राज’
घटना की शुरुआत 7 जनवरी 2026 को हुई, जब नगराम के कुबहरा गांव में एक सरसों के खेत में क्षत-विक्षत मानव कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। शव इतना पुराना था कि पहचान करना नामुमकिन था। हालांकि, पास पड़ी एक साड़ी को देखकर गांव के पीताम्बर ने आशंका जताई कि यह उनकी पत्नी पूनम (30 वर्ष) हो सकती है, जो 12 दिसंबर 2025 से रहस्यमय तरीके से लापता थीं। फॉरेंसिक जांच और साक्ष्यों के बाद साफ हो गया कि वह कंकाल पूनम का ही था।
पुलिस की तफ्तीश में चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। पुलिस ने जब पड़ोसी आशीष कुमार (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आशीष का पूनम से अक्सर मेल-जोल था। पूनम ने आशीष को भरोसा दिलाया था कि वह उसकी शादी अपनी बड़ी बहन की बेटी (आशीष की प्रेमिका) से करवा देगी। जब लड़की के घरवालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी, तो आशीष आगबबूला हो गया। उसे लगा कि पूनम ने उसे धोखा दिया है।
गला दबाकर की हत्या, फिर काम पर चला गया
12 दिसंबर की सुबह आशीष ने पूनम को बातचीत के बहाने एक बाग में बुलाया। वहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई और गुस्से में आकर आशीष ने पूनम का गला दबाकर उसकी जान ले ली। पकड़े जाने के डर से वह तुरंत शहर (मोहनलालगंज) काम पर चला गया ताकि किसी को शक न हो। रात में जब वह वापस लौटा, तो उसने देखा कि परिजन पूनम को ढूंढ रहे हैं। घबराहट में उसने रात के अंधेरे में शव को सरसों के खेत में छिपा दिया।
गहने लूटकर भागा था कातिल
आशीष ने हत्या के बाद पूनम के पैरों से चांदी की पायल और गले से पीली धातु का लॉकेट भी उतार लिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ये जेवर और घटनास्थल से मृतका की टूटी हुई चूड़ियां बरामद कर ली हैं। परिजनों ने आभूषणों की पहचान कर ली है।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की दक्षिणी जोन टीम और सर्विलांस सेल की इस सफलता के बाद आरोपी आशीष को जेल भेज दिया गया है। 20 साल के इस युवक का इससे पहले कोई आपराधिक इतिहास नहीं था, लेकिन एक सनक ने उसे सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।
Also Read: प्रेम विवाह का ‘डेथ एंड’: जिस पत्नी के लिए दुनिया से लड़ा अरुण, उसी का गला रेतकर खुद भी फंदे पर झूला

