सुसाइड या साजिश? सहारनपुर में 5 मौतों से दहला इलाका, जांच में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सरसावा कस्बे में सोमवार को एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। यहाँ एक किराए के मकान में रह रहे संग्रह अमीन (तहसील कर्मचारी) और उनके परिवार के पांच सदस्यों के गोली लगे शव बरामद हुए हैं। मृतकों में पति-पत्नी, दो मासूम बच्चे और बुजुर्ग मां शामिल हैं।
कमरे में बिखरी थीं लाशें
सूचना मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो घर के अंदर का नजारा देख अधिकारियों के भी होश उड़ गए। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय अशोक (संग्रह अमीन, नकुड़ तहसील), उनकी 70 वर्षीय मां विद्यावती, 35 वर्षीय पत्नी अंजिता, और दो बेटों कार्तिक (16) व देव (13) के रूप में हुई है। सभी के शव खून से लथपथ हालत में पड़े थे।
हत्या या आत्महत्या? पुलिस उलझी
शुरुआती जांच में मामला काफी उलझा हुआ नजर आ रहा है। पुलिस के मुताबिक अशोक की कनपटी पर गोली का निशान मिला है। जबकि उनकी मां, पत्नी और दोनों बेटों को बिल्कुल करीब से माथे पर गोली मारी गई है। घटनास्थल से पुलिस को एक तमंचा भी बरामद हुआ है।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे ‘सुसाइड’ (आत्महत्या) के नजरिए से देख रही है, जिसमें यह आशंका जताई जा रही है कि शायद अशोक ने पहले अपने परिवार को खत्म किया और फिर खुद को गोली मार ली। हालांकि, एक साथ पांच लोगों की मौत के पीछे की असली वजह क्या थी, यह अभी भी एक रहस्य बना हुआ है।
इलाके में दहशत और मातम
किराए के मकान में रहने वाले इस हंसते-खेलते परिवार का ऐसा खौफनाक अंत देख पड़ोसी और रिश्तेदार सदमे में हैं। नकुड़ तहसील में अशोक के सहकर्मी भी इस खबर को सुनकर स्तब्ध हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
एसएसपी सहारनपुर ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह सामूहिक आत्महत्या है या किसी बड़ी रंजिश का नतीजा। फिलहाल, पूरे सरसावा कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात है और दहशत का माहौल बना हुआ है।
Also Read: बीजेपी के नए सारथी: पदभार संभालने से पहले देवालयों की शरण में नितिन नबीन, आज संभालेंगे कमान

