‘सरकार ने ओढ़ा है धर्म का आडंबर, हमें डरना नहीं…’, रायबरेली में राहुल गांधी का बीजेपी पर हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आए सांसद राहुल गांधी आज पूरी तरह चुनावी और आक्रामक अंदाज में नजर आए। मंगलवार को रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंका। राहुल ने साफ शब्दों में कहा कि वर्तमान सरकार धर्म के नाम पर दिखावा कर रही है और इस आडंबर को बेनकाब करना ही कांग्रेस का लक्ष्य है।
‘गरीबों का पैसा खींचकर अंबानी-अडानी को दे रहे मोदी’
राहुल गांधी ने मनरेगा योजना के मुद्दे पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की सोच पंचायतों को वित्तीय रूप से मजबूत करने और गरीबों के लिए न्यूनतम मजदूरी तय करने की थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे खत्म करना चाहते हैं।
‘नरेंद्र मोदी सत्ता को अपने और ब्यूरोक्रेसी के हाथों में सीमित करना चाहते हैं। वे गरीबों को भूखा मारना चाहते हैं। मनरेगा का नाम बदलकर गांधी जी का अपमान तो किया ही गया है, लेकिन उससे भी बड़ा पाप गरीबों से उनका सुरक्षा कवच छीनना है। मोदी जी देश का धन अंबानी और अडानी की जेब में डाल रहे हैं’।
पंचायत चुनाव में युवाओं पर दांव
आगामी पंचायत चुनावों को लेकर राहुल गांधी ने संगठन को नई दिशा दी। उन्होंने निर्देश दिया कि पार्टी अब युवाओं को आगे लाए। राहुल के इस संकेत से साफ है कि आने वाले समय में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में ‘युवा चेहरों’ पर बड़ा दांव खेलने वाली है। उनका मानना है कि युवाओं के नए विचार ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देंगे।
सपा के गढ़ में कांग्रेस की दस्तक?
राहुल गांधी ने ऊंचाहार के उमरन गांव में ‘मनरेगा चौपाल’ लगाई, जहाँ उमड़ी भारी भीड़ ने सबको चौंका दिया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राहुल ने सोच-समझकर ऊंचाहार को चुना है। यह क्षेत्र समाजवादी पार्टी (सपा) का गढ़ रहा है, जहाँ भाजपा अब तक सेंध नहीं लगा पाई है। राहुल की इस सक्रियता से कयास लग रहे हैं कि भविष्य में गठबंधन होने पर कांग्रेस इस सीट पर अपना दावा ठोक सकती है।
विकास कार्यों की सौगात और खेल का उत्साह
सियासी चर्चाओं के बीच राहुल गांधी ने क्षेत्र के विकास के लिए भी हाथ बढ़ाया। उन्होंने 31 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया और 8 नए कार्यों की नींव रखी। इसके साथ ही युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने रायबरेली प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। राहुल ने नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर के घर जाकर उनसे मुलाकात की और शहर की समस्याओं पर चर्चा की।
Also Read: STF के शिकंजे में ‘करिया लोना’, नाम बदलकर छिपा था 50 हजार का इनामी, सुल्तानपुर से दबोचा गया

