UP News: फिरोजाबाद को मिला ‘आदर्श थाना दक्षिण’, DGP बोले- थाने जनता की उम्मीदों का केंद्र हैं
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की पुलिसिंग को आधुनिक और हाईटेक बनाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए फिरोजाबाद के नवनिर्मित ’आदर्श थाना दक्षिण’ का भव्य लोकार्पण किया। यह नया थाना भवन न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस है, बल्कि इसे आम जनता की सहूलियत को ध्यान में रखकर एक ‘मॉडल’ के रूप में तैयार किया गया है।
थाने में मिलेंगी कॉर्पोरेट ऑफिस जैसी सुविधाएं
नवनिर्मित थाना दक्षिण का भवन (G+3) किसी बड़े ऑफिस जैसा दिखता है। यहां पुलिसकर्मियों और जनता के लिए कई विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां ‘मिशन शक्ति केंद्र’ के साथ-साथ महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए ‘क्रेच रूम’ (पालना घर) बनाया गया है। पुलिसकर्मियों की सेहत के लिए जिम (व्यायामशाला) और ट्रेनिंग के लिए प्रोजेक्टर वाला हाईटेक सभागार मौजूद है। साइबर अपराधों से निपटने के लिए सुसज्जित हेल्प डेस्क और दंगा नियंत्रण के लिए आधुनिक एंटी-राइट उपकरण उपलब्ध हैं। यहां एक साथ 180 पुलिसकर्मियों के रहने के लिए आधुनिक बैरक और आवासीय सुविधाएं दी गई हैं।
‘नागरिक शिकायत नहीं, उम्मीद लेकर आता है’
लोकार्पण के दौरान DGP राजीव कृष्ण ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए एक बहुत ही मानवीय बात कही। उन्होंने कहा “जब कोई नागरिक थाने आता है, तो वह सिर्फ शिकायत लेकर नहीं आता, बल्कि एक उम्मीद लेकर आता है। हमारा फर्ज है कि हम उस उम्मीद पर खरे उतरें। 25-30 साल पहले ऐसी सुविधाओं की कल्पना करना भी मुश्किल था, लेकिन आज योगी सरकार की प्राथमिकताओं के कारण पुलिस का इन्फ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह बदल रहा है।”
50-60 हजार नए सिपाहियों के लिए तैयारी
DGP ने भविष्य की चुनौतियों का जिक्र करते हुए बताया कि जल्द ही यूपी पुलिस में 50 से 60 हजार नए सिपाही शामिल होने वाले हैं। उनके आने से पहले थानों में रहने और काम करने की जगह (इन्फ्रास्ट्रक्चर) को वैज्ञानिक तरीके से तैयार किया जा रहा है ताकि मैनपावर का सही इस्तेमाल हो सके।
भविष्य के थानों के लिए ‘बेस मॉडल’
फिरोजाबाद का यह थाना अब प्रदेश के अन्य जिलों के लिए एक मिसाल बनेगा। DGP ने इसकी गुणवत्ता और डिजाइन के लिए निर्माण संस्था C&DS को बधाई दी और कहा कि आगे बनने वाले सभी थानों के लिए इसे एक ‘बेस मॉडल’ माना जाए। इस अवसर पर आगरा जोन की एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश पाण्डेय और फिरोजाबाद के एसपी सौरभ दीक्षित सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read: 7 साल की फरारी और 32 मुकदमे: UP STF ने सोनीपत से दबोचा 50,000 का इनामी लुटेरा बृजेश शर्मा

