Kanpur News: UP एसटीएफ के हत्थे चढ़ा इनामी गैंगेस्टर रामसागर यादव, 15 साल से कर रहा था गांजे की तस्करी
Kanpur News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) ने ड्रग तस्करी की दुनिया के एक पुराने खिलाड़ी और 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी रामसागर यादव को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आजमगढ़ का रहने वाला यह शातिर अपराधी कानपुर के जाजमऊ थाने से गैंगेस्टर एक्ट में वांछित था और काफी समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।
एसटीएफ लखनऊ की टीम को सूचना मिली थी कि गैंगेस्टर एक्ट में फरार चल रहा रामसागर यादव मंगलवार रात कानपुर के पुरानी चुंगी चौराहा (जाजमऊ) के पास किसी से मिलने आने वाला है। डिप्टी एसपी धर्मेश कुमार शाही के निर्देशन में निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह की टीम ने घेराबंदी की और रात करीब 8:30 बजे आरोपी को धर दबोचा।
पूछताछ में रामसागर ने बताया कि वह साल 2010 से ही गांजे की तस्करी कर रहा है। पहली बार 2010 में वह आजमगढ़ के सिधारी थाने से 2.60 क्विंटल गांजे के साथ पकड़ा गया था। साल 2024 में उसे जाजमऊ क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने 18.30 क्विंटल गांजे के साथ गिरफ्तार किया था।
इस मामले में जब उस पर गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई हुई, तो वह फरार हो गया। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। रामसागर यादव पर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और गैंगेस्टर एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। एसटीएफ ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जाजमऊ थाने के हवाले कर दिया है, जहाँ से उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Also Read: KGMU धर्मांतरण मामला: डॉक्टर रमीज की पूछताछ पूरी, मोबाइल-लैपटॉप से मिले चौंकाने वाले सबूत

