Prayagraj News: तालाब में गिरा सेना का ट्रेनिंग विमान, स्थानीय लोगों ने बचाई 3 की जान

Prayagraj News: संगम नगरी प्रयागराज में बुधवार की दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। शहर के बीचोंबीच स्थित केपी कॉलेज के पीछे एक सेना का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गया। गनीमत यह रही कि विमान आबादी वाले हिस्से की जगह तालाब में गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

चश्मदीदों के मुताबिक, आसमान में उड़ान भर रहा विमान अचानक हवा में डगमगाने लगा था। कुछ ही सेकंड में वह तेजी से नीचे आया और केपी कॉलेज के पास बने तालाब में जा गिरा। विमान के गिरते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के तुरंत बाद प्रशासनिक टीम के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने गजब का साहस दिखाया। बिना वक्त गंवाए लोग पानी में कूद पड़े और रेस्क्यू शुरू कर दिया। उनकी तत्परता के कारण अब तक 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विमान में कुल कितने लोग सवार थे।

मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और सेना की रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है ताकि बचाव कार्य में कोई बाधा न आए। प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि कोई और पानी में फंसा न हो।

Also Read: स्टैंड-अप कॉमेडियन Zakir Khan ने लिया कॉमेडी से लंबा ब्रेक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.