यूपी में कांग्रेस का ‘मिशन 2027’: रैलियों के जरिए माहौल बनाएंगे खरगे-राहुल और प्रियंका

Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा चुनाव में मिली संजीवनी के बाद अब कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपनी जड़ें और गहरी करने में जुट गई है। पार्टी ने प्रदेश में संगठन को नई धार देने के लिए ’30 रैलियों’ का एक बड़ा अभियान छेड़ा है, जिसकी शुरुआत शनिवार को सीतापुर से होने जा रही है। इस अभियान का मकसद न केवल पंचायत चुनाव की जमीन तैयार करना है, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरना भी है।

दिग्गजों का लगेगा जमावड़ा

कांग्रेस ने अपनी इस रणनीति के तहत राज्य के बड़े महानगरों में ‘महारैली’ आयोजित करने का फैसला किया है। इन रैलियों में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा एक साथ मंच साझा करेंगे। सीतापुर के बाद 31 जनवरी को आगरा, 1 फरवरी को लखनऊ और 8 फरवरी को वाराणसी में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी है। वाराणसी की रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश नेतृत्व ने केंद्रीय हाईकमान से समय मांगा है।

गठबंधन की मजबूती या अकेले चलने की राह?

राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि क्या कांग्रेस आगामी चुनाव अपने दम पर लड़ेगी? हालांकि, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने वरिष्ठ नेताओं से इस बारे में राय ली है, लेकिन फिलहाल संकेत यही हैं कि समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन जारी रहेगा। चर्चा यह भी है कि इन रैलियों में सपा के नेताओं को भी आमंत्रित किया जा सकता है ताकि ‘इंडिया गठबंधन’ की एकजुटता का संदेश जनता के बीच जाए।

रैलियों का पूरा शेड्यूल कांग्रेस ने पहले चरण में 12 रैलियों की तारीखें और जगह तय कर ली हैं:

  • जनवरी: सीतापुर (शुरुआत), आगरा (31 जनवरी)।
  • फरवरी: लखनऊ (1 फरवरी), वाराणसी (8 फरवरी), अलीगढ़ (14 फरवरी), सहारनपुर (16 फरवरी), रामपुर (28 फरवरी)।
  • मार्च/अप्रैल: लखीमपुर खीरी (12 मार्च), बदायूं (22 मार्च), बाराबंकी (29 मार्च), मुजफ्फरनगर (31 मार्च) और बागपत (5 अप्रैल)।

लखनऊ में होगा महासंग्राम

पार्टी की योजना है कि इस अभियान का समापन राजधानी लखनऊ में एक विशाल ‘महारैली’ के साथ किया जाए। इसमें शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में चुनावी शंखनाद किया जाएगा। कांग्रेस का मानना है कि इन रैलियों के जरिए वह उन क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत कर पाएगी जहां पिछले कई दशकों से वह हाशिए पर रही है।

Also Read: Lucknow News: रिश्वत की शिकायत मिलते ही भड़के ए.के. शर्मा, JE सस्पेंड, लाइनमैन बर्खास्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.