UP STF का चंदौली में एक्शन, 50 हजार का इनामी गैंगस्टर मोहम्मद सावेज गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने शुक्रवार को एक शातिर अपराधी मोहम्मद सावेज को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। सावेज काफी समय से गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

बगही अंडरपास से हुई गिरफ्तारी

STF की टीम अपर पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चंदौली में सक्रिय थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता जानकारी मिली कि इनामी अपराधी सावेज सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगही अंडरपास के पास मौजूद है। मुख्य आरक्षी प्रभाकर पाण्डेय और गौरव सिंह की टीम ने बिना देर किए मुखबिर की निशानदेही पर घेराबंदी की और उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

मुंबई और दिल्ली में काट रहा था फरारी

पूछताछ के दौरान मोहम्मद सावेज ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह का हिस्सा है, जो उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों से गोवंशीय पशुओं की तस्करी कर उन्हें असम और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भेजता है।

दिसंबर 2022 में चंदौली में तस्करी के मामले में जेल जाने के बाद जब उस पर गैंगस्टर एक्ट लगा, तो वह पुलिस से बचने के लिए हरियाणा, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद जैसे महानगरों में छिपकर रह रहा था।

शातिर है अपराधी का इतिहास

मोहम्मद सावेज मूल रूप से मुजफ्फरनगर के खतौली का रहने वाला है। उस पर मुजफ्फरनगर और चंदौली के विभिन्न थानों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास (धारा 307) जैसे गंभीर धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल STF ने सावेज को चंदौली के संबंधित थाने में दाखिल कर दिया है। अब स्थानीय पुलिस उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान उसे किन लोगों ने पनाह दी और उसके गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं।

Also Read: यूपी में कांग्रेस का ‘मिशन 2027’: रैलियों के जरिए माहौल बनाएंगे खरगे-राहुल और प्रियंका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.