कफ सिरप मामले में एक्शन: भोला प्रसाद की 28.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क, मर्सिडीज और आलीशान बंगले जब्त
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में नशे के काले कारोबार और माफियाओं के खिलाफ जारी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सोनभद्र पुलिस और एसआईटी (SIT) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी करने वाले सिंडिकेट के मास्टरमाइंड भोला प्रसाद की करीब 28.50 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को कोर्ट के आदेश पर कुर्क कर लिया गया है।
कोलकाता एयरपोर्ट से हुई थी गिरफ्तारी
मुख्य आरोपी भोला प्रसाद (निवासी वाराणसी) शातिर तरीके से विदेश भागने की फिराक में था। एसआईटी ने उसे कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट से उस वक्त दबोचा जब वह देश छोड़ने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल वह सोनभद्र जिला कारागार में बंद है।
शानो-शौकत और अपराध की कमाई: क्या-क्या हुआ कुर्क?
एसआईटी की जांच में सामने आया कि भोला प्रसाद ने कफ सिरप की तस्करी के जरिए महज कुछ सालों में करोड़ों की संपत्ति खड़ी कर ली थी। कुर्क की गई संपत्तियों का विवरण कुछ इस प्रकार है।
- लग्जरी कार: तस्कर के बेड़े से एक चमचमाती Mercedes-Benz (GLS-450D) जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 1.22 करोड़ रुपये है।
- आलीशान बंगले (वाराणसी): 1. भेलूपुर के तुलसीपुर वार्ड में 23 करोड़ रुपये का विशाल भवन। 2. जगतगंज (चेतगंज) में 1.98 करोड़ रुपये का आवासीय मकान। 3. हबीबपुरा में 1.05 करोड़ रुपये का एक अन्य मकान। (ये सभी संपत्तियां उसकी पत्नी शारदा जायसवाल के नाम पर दर्ज थीं)
- बैंक बैलेंस: इंडियन बैंक की वाराणसी शाखा में जमा करीब 1.20 करोड़ रुपये (FD और कैश) को फ्रीज कर दिया गया है।
वाराणसी में पुलिस ने ढोल बजाकर की कुर्की
माननीय न्यायालय और जिलाधिकारी के आदेश पर शुक्रवार को वाराणसी के अलग-अलग इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। क्षेत्राधिकारी (CO) सोनभद्र और एसडीएम पिंडरा की मौजूदगी में मुनादी कराई गई और भोला प्रसाद के मकानों पर सरकारी नोटिस चस्पा कर उन्हें सील कर दिया गया।
सोनभद्र पुलिस के अनुसार, अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाहियों में से एक है। पुलिस का कहना है कि नशे के इस पूरे नेटवर्क को जड़ से मिटाने के लिए अभी कई और सफेदपोशों पर शिकंजा कसा जाना बाकी है।
Also Read: मैनपुरी: काजू के छिलकों की आड़ में चल रहा था करोड़ों का खेल, ANTF ने ऐसे किया पर्दाफाश

