अमेठी में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, परिवहन विभाग ने 35 वाहनों पर कसा शिकंजा
Sandesh Wahak Digital Desk: सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए अमेठी के परिवहन विभाग ने शनिवार को मोर्चा संभाला। ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’ के तहत प्रवर्तन दल ने पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने न सिर्फ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की, बल्कि लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया।
समझाया भी और सिखाया भी
अभियान के दौरान यात्री कर अधिकारी दिनेश रावत और उनकी टीम ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और कार चालकों को सीटबेल्ट की अहमियत बताई। सड़क किनारे खड़े होकर चालकों को सुरक्षा संबंधी पंपलेट बांटे गए। टीम ने एक और जरूरी काम किया जिन वाहनों पर रात में चमकने वाला ‘रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप’ नहीं लगा था, उन पर मौके पर ही टेप लगवाया गया ताकि अंधेरे में हादसे न हों।
कहां-कहां हुई कार्रवाई?
जांच के दौरान नियम तोड़ने वाले कुल 35 वाहनों के खिलाफ एक्शन लिया गया।
हेलमेट: बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले 20 लोगों का चालान काटा गया।
सीटबेल्ट: कार में सीटबेल्ट न लगाने पर 8 लोगों पर कार्रवाई हुई।
ई-रिक्शा: बिना फिटनेस, बीमा या रजिस्ट्रेशन के चल रहे 5 ई-रिक्शा पकड़े गए।
ओवरलोडिंग: क्षमता से ज्यादा माल लादे हुए 2 भारी वाहनों का चालान कर उन्हें सीज (बंद) कर दिया गया।
“आपकी सुरक्षा, आपके हाथ”
यात्री कर अधिकारी दिनेश रावत ने दो-टूक शब्दों में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को तभी रोका जा सकता है जब हर नागरिक यातायात नियमों का पालन करे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सिर्फ जुर्माने के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें।
Also Read: मिर्जापुर धर्मांतरण केस: मास्टरमाइंड इमरान दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार, विदेशों तक फैला है नेटवर्क

