नशे के सौदागरों पर ANTF का बड़ा प्रहार, 2.35 करोड़ की हेरोइन और ‘OG ड्रग्स’ के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: गणतंत्र दिवस के मौके पर जहां पूरा देश उत्सव मना रहा था, वहीं उत्तर प्रदेश की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दे रही थी। एएनटीएफ बाराबंकी की टीम ने गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र से 06 सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से करोड़ों रुपये की ड्रग्स बरामद की है।

बरामदगी: करोड़ों का माल और लग्जरी कारें

हेरोइन: 1 किलो 25 ग्राम (कीमत लगभग 2.35 करोड़ रुपये)।

आर्गेनिक/हाइड्रोपोनिक बीड्स (OG): 770 ग्राम (यह एक उच्च श्रेणी का नशा है)।

लग्जरी गाड़ियां: तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक वर्ना और एक टाटा हैरियर कार।

नकद: 1,02,514 रुपये नगद और iPhone समेत 7 मोबाइल फोन।

कैसे हत्थे चढ़े ये तस्कर?

गिरफ्तारी गोरखपुर-मऊ मेन मार्ग पर स्थित एक्ला बाजार के पास एक रेस्टोरेंट के बगल से हुई। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि तस्करों का एक गिरोह बड़ी खेप के साथ वहां मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर शमशाद अहमद, श्याम मोहन यादव, संतोष पाण्डेय, जितेन्द्र गुप्ता, राहुल दुबे और मनोज चौरसिया को दबोच लिया। ये सभी गोरखपुर और देवरिया के रहने वाले हैं।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पकड़े गए तस्करों ने बताया कि वे बड़हलगंज के एक बड़े सप्लायर से थोक के भाव ड्रग्स खरीदते हैं। इसके बाद ये लोग ड्रग्स की छोटी-छोटी पुड़िया (पैकेट) बनाते हैं और अपने इलाकों में घूम-घूम कर छोटे ग्राहकों को महंगे दामों पर बेचते हैं। पुलिस अब उस मुख्य सप्लायर की तलाश में जुट गई है जहाँ से यह माल आता था।

सराहनीय रही इन जांबाजों की भूमिका

इस बड़े ऑपरेशन को एएनटीएफ बाराबंकी के प्रभारी निरीक्षक अयनुद्दीन के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक सूरज सिंह, अरविंद कुमार सिंह, मनीष कुमार दुबे और गोरखपुर एएनटीएफ व गीडा थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस महानिदेशक और अन्य उच्चाधिकारियों ने इस सफलता पर टीम की पीठ थपथपाई है।

Also ReadL यूपी: बरेली सिटी मजिस्ट्रेट का सरकार पर गंभीर आरोप और इस्तीफा, सरकार ने किया सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.