शंकराचार्य की सुरक्षा में तैनात होंगे ‘अमेठी के जांबाज’, कांग्रेस नेता दीपक सिंह ने संभाली कमान, 150 समर्थक देंगे पहरा
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर में हुई हालिया घटनाओं और सुरक्षा में चूक के आरोपों के बाद अब अमेठी से उनके समर्थन में बड़ी पहल हुई है। कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने ऐलान किया है कि वे अपने 150 समर्थकों के साथ शंकराचार्य की सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। दीपक सिंह ने फोन पर शंकराचार्य से बात कर उनका आशीर्वाद लिया और प्रयागराज कूच करने की रणनीति साझा की।
8-8 घंटे की शिफ्ट और 150 ‘रक्षक’
शंकराचार्य की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए दीपक सिंह ने एक पेशेवर और अनुशासित योजना तैयार की है। 150 समर्थकों को 50-50 के तीन दलों में बांटा गया है। ये दल 8-8 घंटे की शिफ्ट में चौबीसों घंटे शंकराचार्य और उनके शिविर की निगरानी करेंगे।
कूच करने से पहले सभी समर्थकों को अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। यह जत्था कल यानी 28 जनवरी को अमेठी से संगम तट (प्रयागराज) के लिए रवाना होगा।
‘सुदर्शन चक्रधारी’ के भरोसे अन्याय के खिलाफ लड़ाई
दीपक सिंह के मुताबिक, फोन पर बातचीत के दौरान शंकराचार्य ने कहा कि वे ‘सुदर्शन चक्रधारी’ के भरोसे सरकारी अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। पूर्व एमएलसी ने पहले भी पत्र लिखकर शिविर में आधी रात को संदिग्धों की मौजूदगी, रेकी और संतों पर हुए लाठीचार्ज जैसे गंभीर मुद्दों पर चिंता जताई थी।
जब इस कदम के राजनीतिक मायने निकाले जाने लगे, तो दीपक सिंह ने स्पष्ट किया “यह कोई राजनीतिक गतिविधि नहीं है। सनातन परंपरा के इतने बड़े संत की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करना हमारा धर्म है। हमारे समर्थक पूरी निष्ठा और संयम के साथ केवल सेवा और सुरक्षा देंगे।”
Also Read: क्या अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे बृजभूषण शरण सिंह? पूर्व सांसद ने दिया बड़ा संकेत

