Budget 2026 : संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से, 1 फरवरी को पेश होगा केंद्रीय बजट
Budget 2026 News : बजट सत्र की शुरुआत से पहले मंगलवार को सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं. उन्होंने बताया कि संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होकर 02 अप्रैल तक चलेगा. इस दौरान 29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण जारी किया जाएगा और 1 फरवरी, रविवार को केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा.
रिजिजू ने सभी दलों से सत्र के दौरान सहयोग की अपील करते हुए कहा, “लोकतंत्र में जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलना चाहिए. सरकार की तरफ से मेरी विनम्र अपील है कि सदन में हंगामे की जगह सार्थक बहस हो, एक-दूसरे की बात सुनी जाए. शांत माहौल में ही सभी अपने विचार रख सकते हैं.”

सभी दलों ने लिया हिस्सा, राष्ट्रपति के अभिभाषण पर होगी चर्चा
इस सर्वदलीय बैठक में 39 दलों के 51 सांसदों ने हिस्सा लिया. रिजिजू ने बताया कि सत्र के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर भी विस्तृत चर्चा होगी. सरकारी कामकाज का विवरण भी साझा किया जाएगा.
‘पीछे मुड़कर नहीं देख सकते’: वीबी-जी-राम जी अधिनियम पर रिजिजू
वहीं, विपक्ष द्वारा वीबी-जी-राम जी अधिनियम पर चर्चा की मांग पर किरेन रिजिजू ने स्पष्ट किया, “जब कोई कानून देश के सामने आ जाता है, तो हम सभी को उसका पालन करना पड़ता है. हम पीछे मुड़कर अतीत में नहीं जा सकते, यह संभव नहीं है.”

