बरेली में ‘कुंडल चोर’ से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद धरा गया शातिर दिव्यांश
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली शहर में महिलाओं से लूटपाट कर दहशत फैलाने वाले एक शातिर लुटेरे का बरेली पुलिस ने अंत कर दिया है। सोमवार देर रात कोतवाली पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में बदमाश दिव्यांश वर्मा उर्फ अंकित पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कैसे हुई मुठभेड़?
गणतंत्र दिवस की रात करीब 11:15 बजे उप-निरीक्षक गौरव कुमार अत्री अपनी टीम के साथ चौपला चौराहे के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख बदमाश ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और रेलवे कॉलोनी के जंगल की ओर भाग निकला। जंगल के रास्ते में बाइक फिसलने के कारण बदमाश गिर गया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और वह वहीं ढेर हो गया।
महिलाओं में फैला रखी थी दहशत
पूछताछ में पता चला कि दिव्यांश ने हाल ही में शहर में दो बड़ी लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। बीते 19 जनवरी को अयूब खां चौराहे पर स्कूटी सवार महिला का कान का कुंडल झपटा था। इसके बाद 24 जनवरी को एक अन्य स्कूटी सवार महिला से कुंडल छीनकर फरार हो गया था। इन घटनाओं के बाद से ही पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के जरिए इसकी तलाश में जुटी थीं।
बरामदगी और आरोपी का प्रोफाइल
गिरफ्तार बदमाश दिव्यांश वर्मा उर्फ अंकित, बरेली के कैंट थाना क्षेत्र (बालाजी धाम गौशाला वाली गली) का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से ये चीजें मिलीं।
लूट का माल: एक पीली धातु का कुंडल और कुंडल बेचकर मिले 5570 रुपये नकद।
हथियार: एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस (315 बोर)।
अन्य: घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और एक मोबाइल फोन।
घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ और अवैध हथियार रखने के मामले में नई एफआईआर दर्ज कर ली है।

