Don Bradman: डॉन ब्रैडमैन की बैगी ग्रीन कैप रिकॉर्ड कीमत पर नीलाम, भारतीय क्रिकेटर को किया था गिफ्ट

Sandesh Wahak Digital Desk: ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज़ सर डॉन ब्रैडमैन से जुड़ी एक ऐतिहासिक धरोहर ने नीलामी में नया रिकॉर्ड बना दिया है।

ब्रैडमैन की वह बैगी ग्रीन कैप, जिसे उन्होंने 1947-48 में भारत के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज़ के दौरान पहना था, ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित नीलामी में रिकॉर्ड कीमत पर बिकी।

यह वही टोपी है, जिसे डॉन ब्रैडमैन ने भारतीय क्रिकेटर श्रीरंगा वासुदेव सोहोनी को गिफ्ट किया था। सोहोनी के परिवार ने इस ऐतिहासिक कैप को करीब 75 वर्षों तक संभालकर रखा और कभी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं किया।

Don Bradman

रिकॉर्ड कीमत पर हुई नीलामी

नीलामी में ब्रैडमैन की बैगी ग्रीन कैप पर 4.60 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की बोली लगी। खरीदार प्रीमियम (16.5%) जोड़ने के बाद कुल कीमत 5,35,900 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर रही, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 3.40 करोड़ रुपये होती है।

यह डॉन ब्रैडमैन द्वारा पहनी गई किसी भी कैप के लिए अब तक की सबसे ऊंची कीमत है।

टोपी की खासियत

नीलाम हुई इस बैगी ग्रीन कैप पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का कोट ऑफ आर्म्स बना है और उसके नीचे 1947-48 कढ़ा हुआ है। टोपी को लॉयड्स ऑक्शंस ने नीलाम किया।

लॉयड्स ऑक्शनियर्स एंड वैल्यूअर्स के मुख्य परिचालन अधिकारी ली हेम्स ने इसे “क्रिकेट की हॉली ग्रेल” यानी खेल की सबसे दुर्लभ और बेशकीमती धरोहर बताया।

हेम्स के मुताबिक, सोहोनी की अंतिम इच्छा थी कि यह कैप ऑस्ट्रेलिया में ही रहे।

कई देशों के खरीदारों ने दिखाई दिलचस्पी

रिपोर्ट के अनुसार, नीलामी की बोली सिर्फ एक डॉलर से शुरू हुई थी। ऑस्ट्रेलिया, भारत और ब्रिटेन के खरीदारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

लॉयड्स ऑक्शंस के एक प्रवक्ता ने बताया कि कैप अब ऑस्ट्रेलिया में ही रहेगी और इसे किसी प्रमुख संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा।

टोपी के अंदर डॉन ब्रैडमैन और श्रीरंगा वासुदेव सोहोनी—दोनों के नाम भी लिखे हुए हैं।

1947-48 भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज़ का ऐतिहासिक महत्व

1947-48 की भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज़ डॉन ब्रैडमैन की आखिरी घरेलू टेस्ट सीरीज़ थी। इसके बाद उन्होंने 1948 में 99.94 के ऐतिहासिक औसत के साथ क्रिकेट से संन्यास लिया।

यह सीरीज़ भारत की आज़ादी के बाद किसी टेस्ट सीरीज़ के लिए भारतीय टीम का पहला विदेशी दौरा भी थी।

लाला अमरनाथ की कप्तानी में भारत ने पांच टेस्ट मैचों की सीरीज़ खेली थी, जिसमें एक मैच ड्रॉ रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज़ 4-0 से अपने नाम की थी।

Also Read: T20 World Cup 2026: ICC पर गंभीर आरोप, 100 से ज्यादा बांग्लादेशी पत्रकारों की मान्यता हुई रद्द

Get real time updates directly on you device, subscribe now.