सेंट्रल मार्केट में अवैध निर्माण पर ‘सुप्रीम’ प्रहार, मेरठ के व्यापारियों में मची खलबली
Sandesh Wahak Digital Desk: मेरठ के सबसे व्यस्त और मशहूर बाजारों में शुमार ‘सेंट्रल मार्केट’ पर इस वक्त संकट के बादल मंडरा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख के बाद अब यहां बुलडोजर चलने की आहट सुनाई देने लगी है। बरसों से जमे-जमाए कारोबार पर ध्वस्तीकरण की तलवार लटकी देख व्यापारियों की रातों की नींद उड़ गई है।
शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में हुए अवैध निर्माण को लेकर कानूनी लड़ाई अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। सुप्रीम कोर्ट ने ध्वस्तीकरण के अपने पुराने आदेश को बरकरार रखते हुए आवास विकास परिषद को कड़ी फटकार लगाई है। अदालत ने साफ कर दिया है कि अब बहानेबाजी नहीं चलेगी और 6 सप्ताह के भीतर अवैध निर्माण ढहाकर रिपोर्ट पेश करनी होगी।
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद आरटीआई कार्यकर्ता लोकेश खुराना की ओर से दाखिल अवमानना याचिका के बाद गरमाया है। मंगलवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने इस बात पर नाराजगी जताई कि दिसंबर 2024 के फैसले के बावजूद अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। कोर्ट ने सख्त लहजे में 6 हफ्तों की मोहलत देते हुए ‘कंप्लायंस रिपोर्ट’ तलब की है।
दहशत में दुकानदार, नोटिस हुए तैयार
सुप्रीम कोर्ट के इस तेवर के बाद आवास एवं विकास परिषद एक्शन मोड में आ गया है। विभाग ने अवैध निर्माणों को ढहाने के लिए नोटिस तैयार कर लिए हैं। हालांकि, अधिकारी फिलहाल कोर्ट का मामला होने के कारण कैमरे पर कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं, लेकिन दफ्तरों में हलचल तेज है।
हजारों परिवारों की रोजी-रोटी से जुड़े इस मुद्दे पर व्यापारियों ने भी अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। व्यापारी नेता जितेंद्र अग्रवाल का कहना है कि वे सुप्रीम कोर्ट के लिखित आदेश का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर गुहार लगाई जाएगी।
वहीं, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत शारदा अग्रवाल ने भी भरोसा दिलाया है कि वे पार्टी आलाकमान से मिलकर व्यापारियों के पुनर्वास और हितों की रक्षा के लिए कानून के दायरे में हर संभव प्रयास करेंगे।
बाजार में सन्नाटा, धड़कनें तेज
सेंट्रल मार्केट के दुकानदार इस वक्त असमंजस में हैं। कुछ दुकानों को खाली करने की चर्चा है तो कुछ व्यापारी एकजुट होकर आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। आने वाले कुछ हफ्ते मेरठ की इस मार्केट के लिए बेहद महत्वपूर्ण होने वाले हैं।
Also Read: योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: 9 फरवरी से शुरू होगा बजट सत्र, 11 को आएगा बजट

