देवरिया जिला जेल का औचक निरीक्षण, बैरकों से लेकर रसोई तक की जांच, सचिव ने दिए ये निर्देश

पडरौना (कुशीनगर): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुशीनगर के सचिव प्रभात सिंह ने गुरुवार को देवरिया जिला कारागार का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की बारीकी से जांच की।

जेल का लेखा-जोखा: 844 बंदी पाए गए निरुद्ध

निरीक्षण के दौरान जेल में बंदियों की गिनती कराई गई, जिसमें कुल 844 बंदी पाए गए।

विचाराधीन बंदी: कुल 743 (680 पुरुष, 25 महिलाएं और 37 अल्पवयस्क)।

सजायाफ्ता बंदी: 85 पुरुष और 3 महिलाएं।

विशेष बंदी: 4 बंदी एनएसए (NSA) के तहत निरुद्ध हैं, जबकि 2 विदेशी और 7 सिविल बंदी भी शामिल हैं।

मासूमों की स्थिति: जेल में बंद महिला बंदियों के साथ 3 बच्चे भी रह रहे हैं, जिनके स्वास्थ्य और खान-पान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

देवरिया जिला जेल का औचक निरीक्षण, बैरकों से लेकर रसोई तक की जांच, सचिव ने दिए ये निर्देश

खाने की गुणवत्ता और अस्पताल का हाल

सचिव ने जेल की पाकशाला (रसोई) में जाकर भोजन की गुणवत्ता परखी। उन्होंने जेल अधीक्षक प्रेमसागर शुक्ल को सख्त निर्देश दिए कि जेल मैनुअल के अनुसार ही बंदियों को सुबह का नाश्ता और दोनों समय का पौष्टिक भोजन मिलना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने जेल अस्पताल और महिला बैरक का भी मुआयना किया और बीमार बंदियों के इलाज की जानकारी ली।

मुफ्त वकील और कानूनी सहायता की पहल

निरीक्षण का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। प्रभात सिंह ने कहा कि जिन बंदियों के पास अपनी पैरवी के लिए निजी वकील नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुशीनगर सरकारी खर्च पर वकील मुहैया कराएगा। जेल में स्थित लीगल एड क्लिनिक के कार्यकर्ताओं (PLV) को निर्देश दिया गया कि वे हर बंदी के प्रार्थना-पत्र तैयार करें जिन्हें अपील या कानूनी मदद की जरूरत है। सचिव ने बंदियों के ‘टिकटों’ को देखकर उनके केस की मौजूदा स्थिति जानी और जो बंदी रिहाई के पात्र थे, उनके कागजात जल्द आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जेलर राजकुमार, चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल त्रिपाठी और अन्य उप कारापाल मौजूद रहे। बंदियों ने बातचीत के दौरान फिलहाल जेल प्रशासन से जुड़ी किसी बड़ी समस्या की शिकायत नहीं की।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: GST कमिश्नर प्रशांत सिंह पर सगे भाई का बड़ा हमला, बोले- ‘मैनेज नहीं कर पाए तो इस्तीफे का खेल खेला’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.