मिर्जापुर में डबल मर्डर, मां-बेटे की धारदार हथियार से हत्या, शव फेंकते समय पकड़ा गया हत्यारा
Sandesh Wahak Digital Desk: मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र में मां-बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। हत्यारा दोनों शवों को नहर में फेंकने जाते समय ग्रामीणों की नजर में आ गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। कानपुर जिले के बाद मिर्जापुर में डबल मर्डर को अंजाम दिया गया है। मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के बाजार में मंगलवार की भोर में सौतेले बेटे ने मां और भाई की धारदार हथियार से हत्या कर दी। आरोपी ने दोनों शवों को ठिकाने लगाने का भी इंतजाम कर लिया था। ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर दोनों शवों को कहीं दूर फेंकना था।
इसी बीच ग्रामीणों की सतर्कता से मामला खुल गया। पुलिस ने हत्यारे युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में मामला संपत्ति के विवाद का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मड़िहान बाजार निवासी बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी 32 वर्षीय आयुष गुप्ता और उनकी मां 62 वर्षीय उषा गुप्ता की धारदार हथियार से उनके ही सौतेले बेटे राहुल गुप्ता ने हत्या कर दी है।
नहर में शव को तलाश रही पुलिस
हत्या के बाद आरोपी ने दोनों शवों को एक ट्रैक्टर ट्राली पर लादा और उन्हें ठिकाने लगाने के लिए निकल गया था। आयुष का शव रास्ते में मड़िहान तिराहे पर गिर गया लेकिन ग्रामीणों को देख आरोपी अपने घर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी राहुल गुप्ता ने दोनों की हत्या करने और सौतेली मां के शव को नहर में फेंकने की बात बताई। पुलिस नहर में फेंके शव की तलाश कर रही है।
एएसपी मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि सौतेली मां और भाई की हत्या करने वाले आरोपी राहुल गुप्ता को हिरासत में ले लिया गया है। आयुष के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। ऊषा गुप्ता के शव की तलाश मड़िहान ब्रांच की नहर में की जा रही है। घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि संपत्ति को लेकर विवाद हुआ था। मामला सम्पत्ति के विवाद का बताया गया है।
रिपोर्ट: अशोक सिंह ‘मुन्ना’
Also Read: GST कमिश्नर प्रशांत सिंह पर सगे भाई का बड़ा हमला, बोले- ‘मैनेज नहीं कर पाए तो इस्तीफे का खेल खेला’

