मिर्जापुर: साधन सहकारी समिति के सचिव पर भ्रष्टाचार का आरोप, अध्यक्ष बोले- तुरंत हो तबादला
मिर्जापुर: लालगंज तहसील के अंतर्गत रामपुर खोमर मैना गांव स्थित बी-पैक्स साधन सहकारी समिति में इन दिनों घमासान मचा हुआ है। समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल ने जिलाधिकारी (DM) को ज्ञापन सौंपकर सचिव रणजीत कुमार सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सचिव पर पद का दुरुपयोग करने और किसानों का शोषण करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
‘इसी गांव का हूं, जो करना है कर लो’
अध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल का आरोप है कि सचिव रणजीत सिंह स्थानीय निवासी होने का फायदा उठाकर किसानों पर धौंस जमाते हैं। किसानों को खाद बेचते समय उनसे निर्धारित दर से अधिक (ओवररेटिंग) पैसे वसूले जा रहे हैं।
धान की खरीदारी में भी पारदर्शिता न बरतते हुए ‘ब्लैक’ में काम करने के आरोप लगे हैं। जब किसान इन अनियमितताओं का विरोध करते हैं, तो सचिव कथित तौर पर उन्हें यह कहकर धमकाते हैं कि ‘मैं इसी गांव का रहने वाला हूं, लेना है तो लो वरना यहां से जाओ’।
एसडीएम के आदेश की भी अनदेखी
हैरानी की बात यह है कि किसानों की लगातार शिकायतों के बाद उप-जिलाधिकारी (SDM) लालगंज ने भी मामले का संज्ञान लिया था। एसडीएम ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (सहकारिता) को सचिव का ट्रांसफर करने का लिखित आदेश दिया था। इसके बावजूद महीनों बीत जाने के बाद भी सचिव अपनी कुर्सी पर जमा हुआ है और उसका तबादला नहीं किया गया।
पुराना है भ्रष्टाचार का नाता
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि रणजीत सिंह जिस पिछली समिति से यहाँ आए हैं, वहां भी उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे। समिति के अध्यक्ष और किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि ऐसे दागी और दबंग सचिव को तुरंत प्रभाव से हटाया जाए और उनके कार्यकाल की जांच कराई जाए ताकि किसानों को उनका हक मिल सके।
रिपोर्ट: अशोक सिंह ‘मुन्ना’
Also Read: मिर्जापुर: बढ़े हुए हाउस टैक्स पर भड़के सभासद, बोले- ‘नदी से घिरा है शहर, विकास है नहीं तो…’

