पीटी उषा के पति वी. श्रीनिवासन का निधन, पीएम मोदी ने फोन कर दी सांत्वना

Sandesh Wahak Digital Desk: राज्यसभा सदस्य और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा के पति वी. श्रीनिवासन का शुक्रवार सुबह केरल के कोझिकोड में निधन हो गया। 67 वर्षीय श्रीनिवासन ने अपनी पत्नी के हर छोटे-बड़े संघर्ष में साये की तरह साथ निभाया था। उनके जाने से खेल जगत ने एक ऐसे मार्गदर्शक को खो दिया है, जो पर्दे के पीछे रहकर भारतीय एथलेटिक्स की सेवा करता रहा।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह श्रीनिवासन अचानक अपने घर पर बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। वी. श्रीनिवासन केंद्र सरकार के पूर्व कर्मचारी थे और सेवामुक्त होने के बाद से परिवार और पीटी उषा के कार्यों में सहयोग कर रहे थे।

प्रधानमंत्री ने पीटी उषा को बंधाया ढांढस

श्रीनिवासन के निधन की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीटी उषा से फोन पर बात की और उन्हें हिम्मत दी। पीएम मोदी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू सहित कई दिग्गज राजनेताओं और खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं साझा की हैं।

Also Read: लखनऊ: कैसरबाग में पुराने नौकर ने मालिक की दुकान में डाला डाका, 2 सगे भाई गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.