सहारनपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 1 करोड़ की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी पुलिस का ‘ऑपरेशन सवेरा 2.0’ नशा तस्करों के लिए काल साबित हो रहा है। सहारनपुर के गंगोह इलाके में पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

विद्यार्थी तिराहे पर बिछाया गया जाल

सीओ अशोक सिसौदिया ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए एक तस्कर के आने की पुख्ता जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। रात करीब 11 बजे गंगोह बाईपास रोड स्थित विद्यार्थी तिराहे के पास घेराबंदी की गई और संदिग्ध हालत में घूम रहे युवक को दबोच लिया गया।

पुलिस ने जब पकड़े गए युवक की तलाशी ली, तो उसके पास से 502 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान साहिब के रूप में हुई है, जो नकुड़ क्षेत्र के गांव घाटमपुर का रहने वाला है। इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ मिलना क्षेत्र में सक्रिय बड़े सिंडिकेट की ओर इशारा कर रहा है।

पूरे नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस

पूछताछ के दौरान आरोपी साहिब ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह लंबे समय से इस काले धंधे में लगा हुआ है। साहिब ने यह भी खुलासा किया कि यह माल उसे एक साथी ने दिया था, जिसे वह गंगोह में किसी अनजान शख्स को सप्लाई करने जा रहा था।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि साहिब को माल देने वाला असली ‘मास्टरमाइंड’ कौन है और यह स्मैक कहां से आई थी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

इस सफल ऑपरेशन में उपनिरीक्षक अतुल कुमार, हेडकांस्टेबल मुकेश कुमार, अंकुश गोदरा, उदित मलिक और सूरज शर्मा की अहम भूमिका रही।

Also Read: सुप्रीम कोर्ट का कड़ा फैसला, स्कूलों में मुफ्त सैनिटरी पैड न मिले तो रद्द होगी मान्यता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.