रानी मुखर्जी का एक्शन अवतार, चर्चा का विषय बनी Mardani 3
Sandesh Wahak Digital Desk: रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म Mardani 3 आज 30 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। यह फिल्म साल 2014 में आई मर्दानी का तीसरा पार्ट है। फिल्म की कहानी छोटी बच्चियों के गायब होने जैसे गंभीर मुद्दे के इर्द गिर्द घूमती है। रिलीज के साथ ही फिल्म को सोशल मीडिया पर दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और लोग इसे काफी पसंद करते नजर आ रहे हैं।
किरदार में फिर छाईं रानी
दरअसल Mardani 3 में रानी मुखर्जी एक बार फिर शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में दिखाई दे रही हैं। दर्शकों का कहना है कि रानी ने इस रोल में फिर से वही इंटेंस और दमदार अंदाज पेश किया है, जिसके लिए यह किरदार जाना जाता है। उनके एक्शन और एग्रेशन ने फैंस का दिल जीत लिया है और लोग उनकी परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स
वहीं ट्विटर पर एक यूजर ने Mardani 3 फिल्म की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्होंने अभी अभी मर्दानी 3 देखी है और अगर एक लाइन में कहा जाए तो फिल्म ज़बरदस्त है। यूजर के मुताबिक रानी मुखर्जी शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में शानदार वापसी कर रही हैं। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि Mardani 3 एक ब्लॉकबस्टर की तरह सामने आ रही है। कहानी दमदार और बेहद प्रासंगिक है, जो अपराध और न्याय के मूल विषय पर गंभीरता से आगे बढ़ती है। यूजर का कहना है कि कहानी सिंपल होने के बावजूद भावनात्मक रूप से मजबूत है और अंत तक बांधे रखती है। उन्होंने यह भी कहा कि रानी मुखर्जी ने पूरी फिल्म को अपने कंधों पर संभाला है।
वहीं फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने भी Mardani 3 को लेकर अपना रिव्यू साझा किया है। उन्होंने फिल्म को पावरफुल बताते हुए लिखा कि यह ज़बरदस्त और मंत्रमुग्ध कर देने वाली है। उनके अनुसार रानी मुखर्जी अपने सर्वश्रेष्ठ रूप में लौटी हैं और उन्होंने एक दमदार व निडर प्रदर्शन दिया है। उन्होंने इसे साहस और न्याय की रोमांचक लड़ाई बताया है।
Mardani 3 के निर्देशन और कहानी पर बोले क्रिटिक
यहां तरण आदर्श के मुताबिक डायरेक्टर अभिराज मीनावाला ने एक कसी हुई और प्रभावशाली थ्रिलर बनाई है, जो इस फ्रेंचाइजी की आत्मा के प्रति सच्ची है। उन्होंने कहा कि कहानी ज्यादातर हिस्सों में सटीक है, तनाव लगातार बना रहता है और भावनात्मक उतार चढ़ाव प्रभावशाली हैं। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि कुछ जगहों पर लेखन और बेहतर हो सकता था, खासकर इंटरवल के बाद के हिस्सों में। उनके अनुसार खलनायकों की कहानी को और सरल तरीके से दिखाया जा सकता था।
वहीं तरण आदर्श ने Mardani 3 में रानी मुखर्जी की जमकर सराहना करते हुए लिखा कि उनकी स्क्रीन प्रेजेंस, दृढ़ संकल्प और भावनात्मक गहराई लाजवाब है। हर फ्रेम पर उनका दबदबा नजर आता है और यही वजह है कि शिवानी शिवाजी रॉय हिंदी सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित पुलिस किरदारों में से एक बनी हुई हैं। उन्होंने जानकी बोड़ीवाला के अभिनय की भी तारीफ की, जो फिल्म में फातिमा के किरदार में नजर आई हैं और जिन्होंने आत्मविश्वास से भरा सराहनीय प्रदर्शन किया है।
दर्शकों को दिखी एक मजबूत और प्रभावी शुरुआत
एक अन्य यूजर ने लिखा कि फिल्म का पहला भाग मनोरंजक और संतुलित गति वाला है। रानी मुखर्जी और मल्लिका प्रसाद अम्मा के किरदार में दमदार अभिनय करती हैं और फिल्म को मजबूती से आगे बढ़ाती हैं। यूजर के मुताबिक कहानी की संरचना और किरदारों का विकास बखूबी किया गया है और कुल मिलाकर Mardani 3 एक आशाजनक और प्रभावशाली शुरुआत करती है।
Also Read: सहारनपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 1 करोड़ की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

