सुनेत्रा पवार बनेंगी महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री, आज शाम 5 बजे शपथ ग्रहण

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन से रिक्त हुए पद को भरने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने सुनेत्रा पवार के नाम पर मुहर लगा दी है। शनिवार शाम 5 बजे राजभवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र के इतिहास में पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनकर नया कीर्तिमान रचेंगी।

शनिवार सुबह से ही अजित पवार के सरकारी आवास ‘देवगिरी’ बंगले के बाहर समर्थकों का तांता लगा रहा। पार्टी कार्यकर्ताओं की आंखों में आंसू और चेहरे पर गम साफ दिखाई दिया। एनसीपी कार्यकर्ता रूपाली पटेल ने भावुक होते हुए कहा, अजित दादा ने हमेशा एक पिता की तरह हमारा ख्याल रखा। उनके बिना राजनीति की कल्पना करना मुश्किल है। हमने सुनेत्रा ताई से अनुरोध किया है कि दादा के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए वह आगे आएं।

विधायक दल की बैठक में चुना जाएगा नया नेता

दोपहर करीब 2 बजे एनसीपी विधायक दल की एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में औपचारिक रूप से सुनेत्रा पवार को नेता चुना जाएगा। सुनेत्रा पवार, जो अब तक पर्दे के पीछे रहकर संगठन और क्षेत्र का काम संभाल रही थीं, अब सक्रिय राजनीति की मुख्यधारा में मोर्चा संभालेंगी।

विलय की अटकलों पर लगा विराम

अजित पवार के निधन के बाद से ही शरद पवार गुट (NCP-SP) और अजित पवार गुट के बीच विलय की चर्चाएं तेज थीं। अनिल देशमुख और एकनाथ खडसे जैसे नेताओं ने दावा किया था कि अजित दादा खुद दोनों गुटों को एक साथ देखना चाहते थे और बातचीत अंतिम दौर में थी। हालांकि, एनडीए के साथ रहकर सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाने के फैसले ने फिलहाल इन अटकलों को शांत कर दिया है।

Also Read: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका, कुशीनगर में अभियान तेज, 6 फरवरी तक निपटा लें ये काम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.