टीम बाहर, फिर भी बांग्लादेश की एंट्री! ICC के फैसले ने सबको चौंकाया
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
Trending
Sandesh Wahak Digital Desk: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के एक फैसले ने क्रिकेट जगत में हैरानी पैदा कर दी है।
जहां एक ओर बांग्लादेश ने भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था, वहीं अब आईसीसी ने बांग्लादेशी अंपायरों को विश्व कप के लिए नियुक्त कर दिया है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह भारत में आयोजित होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुरक्षा को लेकर चिंतित है। इसी वजह से टीम ने टूर्नामेंट में खेलने से मना कर दिया था।
बांग्लादेश ने आईसीसी से वेन्यू बदलने का अनुरोध भी किया था, लेकिन आईसीसी ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया।

शुक्रवार (30 जनवरी) को आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए मैच अधिकारियों की सूची जारी की। इस सूची में कुल 24 अंपायर और 6 मैच रेफरी शामिल हैं। चौंकाने वाली बात यह रही कि अंपायरों की सूची में बांग्लादेश के दो अंपायर—शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और गाजी सोहेल—को जगह दी गई है।
आईसीसी की इस सूची में बांग्लादेश के साथ-साथ पाकिस्तान के अंपायरों को भी शामिल किया गया है। फिलहाल यह घोषणा केवल लीग स्टेज मुकाबलों के लिए की गई है। सुपर-8 और नॉकआउट चरण के लिए मैच अधिकारियों के नाम बाद में घोषित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि बांग्लादेशी अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद हाल ही में भारत दौरे पर आई न्यूजीलैंड टीम के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में थर्ड अंपायर की भूमिका निभा चुके हैं। अब एक बार फिर वे टी20 वर्ल्ड कप में भारत की सरजमीं पर अंपायरिंग करते नजर आएंगे।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होगा। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच कोलंबो में खेला जाएगा। इस मैच में कुमार धर्मसेना और वेन नाइट्स मैदानी अंपायर होंगे।
आईसीसी द्वारा घोषित 6 मैच रेफरी हैं—डीन कॉस्कर, डेविड गिल्बर्ट, रंजन मदुगल्ले, एंड्रयू पाइक्रॉफ्ट, रिची रिचर्डसन और जवागल श्रीनाथ।
वहीं 24 अंपायरों की सूची में रोलैंड ब्लैक, क्रिस ब्राउन, कुमार धर्मसेना, क्रिस गैफेनी, एड्रियन होल्डस्टॉक, रिचर्ड इलिंगवर्थ, रिचर्ड केटलबरो, वेन नाइट्स, नितिन मेनन, केएनए पद्मनाभन, शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, गाजी सोहेल सहित कई अनुभवी नाम शामिल हैं।
टीम के रूप में बांग्लादेश के बाहर होने के बावजूद बांग्लादेशी अंपायरों की नियुक्ति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस फैसले को लेकर क्रिकेट जगत में चर्चा तेज है और इसे आईसीसी की पेशेवर और निष्पक्ष नीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
Get real time updates directly on you device, subscribe now.