बंगाल में मां, माटी, मानुष सुरक्षित नहीं, जनता करेगी बदलाव: अमित शाह
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने एक बार फिर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ममता का INDI गठबंधन अब पूरी तरह साफ हो चुका है और बंगाल में मां, माटी, मानुष को तृणमूल कांग्रेस से बचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में लाया जाएगा। अमित शाह ने ममता सरकार की बिगड़ती कानून व्यवस्था, जबरन वसूली, सिंडिकेट राज और घुसपैठियों के बढ़ते दबदबे को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इन सबका असर न सिर्फ राज्य पर बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और चुनावी निष्पक्षता पर भी पड़ रहा है।
ममता सरकार पर लगाया सीधा आरोप
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में आयोजित बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि जिस मां, माटी, मानुष के नारे के साथ ममता बनर्जी सत्ता में आई थीं, आज उसका कोई मतलब नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में मां, माटी और मानुष तीनों ही असुरक्षित हो चुके हैं और तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल को अराजकता की ओर धकेल दिया है।
अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि बंगाल में मां असुरक्षित हैं और महिलाओं की सुरक्षा की कोई ठोस गारंटी नहीं है। उन्होंने कहा कि आम लोग ममता सरकार के सिंडिकेट से परेशान हैं और राज्य की जमीन को घुसपैठियों ने निगल लिया है। उन्होंने बंगाल के लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल का चुनाव सिर्फ राज्य का नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ मामला है। उन्होंने सीमा पर बाड़बंदी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जमीन की समस्या के कारण बाड़ नहीं लग पा रही है और राज्य की पुलिस घुसपैठ रोकने में विफल रही है। अमित शाह ने कलकत्ता हाई कोर्ट का धन्यवाद करते हुए कहा कि अदालत ने राज्य सरकार को 31 मार्च 2026 से पहले बीएसएफ को जमीन देने का निर्देश दिया है।
बीजेपी को 50 फीसदी से ज्यादा वोट मिलने का दावा
रामायण का उदाहरण देते हुए अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि जिस तरह रावण को लगता था कि वह अजेय है, उसी तरह ममता बनर्जी भी खुद को अजेय मान रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार पश्चिम बंगाल में बीजेपी का वोट शेयर 50 प्रतिशत से ज्यादा होगा और पार्टी भारी बहुमत के साथ अगली सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जैसे राम सेतु के समय रावण को भ्रम था कि उसे कोई नहीं हरा सकता, वैसे ही ममता बनर्जी को अब हार के लिए तैयार रहना चाहिए।
वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ का जिक्र करते हुए अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि केंद्र सरकार पूरे देश में इसे मनाने जा रही है, लेकिन ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के चलते इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम की शुरुआत बंगाल की धरती से हुई थी और इसे बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने लिखा था, इसके बावजूद संसद में ममता के सांसदों ने इसका विरोध किया।
यह पीएम मोदी नहीं बंगाल का अपमान है
अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि वंदे मातरम का विरोध करके ममता बनर्जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नहीं बल्कि बंगाल की पहचान और भारत के गौरव का अपमान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। अमित शाह ने बंगाल के हर नागरिक और हर मतदाता से अपील की कि तुष्टीकरण और घुसपैठियों को बढ़ावा देने वाली टीएमसी को उखाड़ फेंका जाए और राज्य में देशभक्तों की सरकार बनाई जाए।
Also Read: बलरामपुर: आंगनबाड़ी भर्ती में 1.40 लाख की रिश्वत लेने वाले दो बाबू और बिचौलिया गिरफ्तार

