सोनभद्र: कफ सिरप तस्कर की 5.77 करोड़ की और संपत्ति जब्त, अब तक इतने करोड़ का साम्राज्य ध्वस्त
Sandesh Wahak Digital Desk: कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी करने वाले माफिया भोला प्रसाद जायसवाल के खिलाफ प्रशासन ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपना ली है। सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने शनिवार को वाराणसी में तस्कर भोला और उसके परिजनों के नाम दर्ज करोड़ों की चल-अचल संपत्तियों को कुर्क कर दिया।
वाराणसी में चला पुलिस का डंडा
एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 68-एफ के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने वाराणसी के मड़ौली, भरलाई और जगदीशपुर इलाकों में स्थित सात कीमती जमीनों को जब्त किया है।
अचल संपत्ति: जब्त की गई इन सात संपत्तियों की बाजार में कीमत करीब 4.55 करोड़ रुपये है।
लग्जरी गाड़ियां: तस्कर के बेड़े से एक फॉर्च्यूनर लेजेंडर (कीमत लगभग 40 लाख), हुंडई आई-20 और दो स्कूटर भी जब्त किए गए हैं।
बैंक बैलेंस: पुलिस ने अभियुक्त के बैंक खातों में जमा 70.99 लाख रुपये की नकद राशि को भी फ्रीज कर दिया है।
अब तक कुल 34.27 करोड़ का ‘नुकसान’
यह कोई पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले 23 जनवरी को न्यायालय के आदेश पर भोला की 28.50 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई थी। अब ताजा 5.77 करोड़ की कुर्की को मिलाकर पुलिस इस तस्कर की 34.27 करोड़ रुपये की अवैध कमाई को मिट्टी में मिला चुकी है।
एसआईटी की कड़ी निगरानी
इस बड़ी कार्रवाई को एसआईटी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव और थानाध्यक्ष नागेश सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि भोला जायसवाल ने नशीली दवाओं की तस्करी के जरिए वाराणसी और आसपास के जिलों में अकूत संपत्ति बना ली थी।
एसपी अभिषेक वर्मा ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि नशे की तस्करी से कमाई करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई अन्य तस्करों के लिए एक बड़ा सबक है कि अपराध की कमाई कभी सुरक्षित नहीं रह सकती।

