सिद्धार्थनगर में मखाने की खेती की तैयारी, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया KVK का दौरा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को सिद्धार्थनगर जिले के कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), सोहना का विस्तृत दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की विभिन्न कृषि परियोजनाओं का गहन निरीक्षण किया और वैज्ञानिकों को आधुनिक खेती को गांव-गांव तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

मखाने की खेती के लिए दरभंगा जाएगी किसानों की टीम
मंत्री शाही ने सिद्धार्थनगर की खेती में एक नया अध्याय जोड़ने की बात कही। उन्होंने काला नमक चावल के साथ-साथ मखाने की खेती की संभावनाओं पर जोर देते हुए कहा, “जो भी किसान मखाने की खेती में रुचि रखते हैं, उनके लिए और यहां के वैज्ञानिकों के लिए एक ट्रेनिंग प्रोग्राम बनाया जाएगा। किसानों और वैज्ञानिकों का एक प्रतिनिधिमंडल बिहार के दरभंगा जाएगा, ताकि वहां से ट्रेनिंग लेकर मखाने की खेती का विस्तार सिद्धार्थनगर में किया जा सके।”
जीआई (GI) टैग प्राप्त ‘काला नमक चावल’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी बेहतर पैकेजिंग और मार्केटिंग पर ध्यान देने की जरूरत है, ताकि स्थानीय किसानों को उनकी उपज का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सही दाम मिल सके। उन्होंने वैज्ञानिकों को निर्देश दिए कि जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को लगातार प्रशिक्षित किया जाए।

UGC के नए नियम पर बोले मंत्री
दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यूजीसी (UGC) के नए नियम पर सुप्रीम कोर्ट की रोक को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री ने पहले ही स्थिति स्पष्ट कर दी थी कि किसी भी वर्ग का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। सरकार पूरी तरह सतर्क है।
इसके बाद में जिला मुख्यालय के बीएसए ग्राउंड में चल रहे ‘सिद्धार्थनगर महोत्सव’ के चौथे दिन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री शाही ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कृषक बंधुओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और नई तकनीक अपनाने की अपील की।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: सोनभद्र: कफ सिरप तस्कर की 5.77 करोड़ की और संपत्ति जब्त, अब तक इतने करोड़ का साम्राज्य ध्वस्त

