अमेठी: गोमती नदी के किशनी घाट पर शुरू हुआ पीपा पुल, विधायक सुरेश पासी ने किया भूमि पूजन

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी के किशनी क्षेत्र के लोगों का बरसों पुराना इंतजार अब खत्म हो गया है। शनिवार को क्षेत्रीय विधायक सुरेश पासी ने गोमती नदी के किशनी घाट पर विधि-विधान से भूमि पूजन कर पीपा पुल का उद्घाटन किया। इस पुल के शुरू होते ही अब नदी के दोनों किनारों पर बसे गांवों के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो गया है।

अमेठी: गोमती नदी के किशनी घाट पर शुरू हुआ पीपा पुल, विधायक सुरेश पासी ने किया भूमि पूजन

जनता की सेवा ही सबसे ऊपर

शुभारंभ के बाद मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश पासी ने कहा कि आम जनता को रोटी, कपड़ा, मकान के साथ-साथ सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराना ही उनकी राजनीति का मुख्य मकसद है। उन्होंने कहा, “यह पीपा पुल सिर्फ लकड़ियों और पीपों का ढांचा नहीं, बल्कि विकास की एक कड़ी है जो ग्रामीणों के समय और मेहनत को बचाएगी। अब खेती-किसानी और बाजार जाने के लिए लोगों को मीलों का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।”

गर्मजोशी से हुआ स्वागत

किशनी ग्राम पंचायत पहुंचने पर विधायक का जोरदार स्वागत किया गया। ग्राम प्रधान शोएब अहमद ‘सोनू’ ने उन्हें बुके भेंट किया और माल्यार्पण कर उनका आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सतीश मिश्रा ने किया। ग्रामीणों में इस बात की खुशी थी कि अब उन्हें नदी पार करने के लिए असुरक्षित नावों या लंबे रास्तों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।

इनकी रही मौजूदगी

इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष सतीश मिश्रा, मनोज पासी, जिला पंचायत सदस्य मतीन और ग्राम प्रधान शोएब अहमद सोनू ने भी अपने विचार रखे और विधायक के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में सोनू त्रिवेदी, संजय मौर्या, रामहेत वैश्य और महेश दुबे समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पुल चालू होने से न केवल व्यापार को गति मिलेगी, बल्कि इमरजेंसी की स्थिति में मरीजों और छात्रों को भी शहर तक पहुंचने में बड़ी सहूलियत होगी।

रिपोर्ट: राम धीरज यादव

 

Also Read: सिद्धार्थनगर में मखाने की खेती की तैयारी, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया KVK का दौरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.