रोहित शेट्टी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, क्राइम ब्रांच की 12 टीमें जांच में जुटीं
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म मेकर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास शेट्टी टावर के बाहर बीती रात अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की। आधी रात को हुई इस गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन रोहित शेट्टी के घर की दीवारों पर गोलियों के तीन निशान सुरक्षा में बड़ी चूक की कहानी बयां कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच हुई। चश्मदीदों और शुरुआती जांच के मुताबिक, हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और कुछ ही सेकंड में फायरिंग कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए रफूचक्कर हो गए। हमलावरों ने कितने राउंड फायर किए, इसका सटीक आंकड़ा अभी साफ नहीं है, लेकिन मौके से मिले खोखे और घर पर मौजूद निशानों ने पुलिस को अलर्ट मोड पर ला दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया है। क्राइम ब्रांच ने इस हाई-प्रोफाइल केस को सुलझाने के लिए 12 अलग-अलग टीमें बनाई हैं। शेट्टी टावर और आसपास की इमारतों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों के रूट और उनके वाहन की पहचान की जा सके। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और गोलियों के खोखे कब्जे में लिए हैं।
Also Read: PAK vs AUS: उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन पर उठा विवाद, कैमरून ग्रीन ने जताई नाराजगी, देखें VIDEO

