Budget 2026: विपक्ष ने बताया जुमलों का पिटारा, कांग्रेस बोली- गरीब की जेब ढीली करने वाला बजट

Sandesh Wahak Digital Desk: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट 2026-27 पर विपक्षी खेमे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विपक्षी सांसदों का मानना है कि सरकार ने एक बार फिर किसानों, बेरोजगारों और सीमावर्ती राज्यों की अनदेखी की है।

कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजाला ने बजट पर निराशा जाहिर करते हुए कहा कि हमें उम्मीद थी कि सरकार बेरोजगारों और किसानों के लिए कुछ ठोस लाएगी। उन्होंने विशेष रूप से पंजाब का मुद्दा उठाते हुए कहा, पंजाब पर कर्ज का भारी बोझ है, लेकिन बजट में उसे राहत देने का कोई प्रावधान नहीं दिखा। बॉर्डर से आ रहे ड्रग्स और हथियारों को रोकने के लिए आधुनिक टेक्नोलॉजी और हथियारों के बजट की जरूरत थी, जिस पर ध्यान नहीं दिया गया।

मनरेगा को बर्बाद करने की साजिश: इमरान प्रतापगढ़ी

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 11 सालों में भाजपा ने जनता की उम्मीदें तोड़ी ही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट से पहले मनरेगा के बजट में कटौती कर गरीब मजदूरों की कमर तोड़ दी गई है। बजट ऐसा होना चाहिए जो आम आदमी की जेब मजबूत करे, लेकिन हर साल यह गरीब की जेब और ढीली कर देता है।

फिर कौन सा नया जुमला आएगा: कीर्ति आजाद

टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने पुरानी यादें दिलाते हुए सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि देश कई सालों से 2 करोड़ नौकरियों, अकाउंट में 15 लाख रुपये आने और बुलेट ट्रेन जैसे वादों के पूरा होने का इंतजार कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुराने वादे ही अधूरे हैं, तो इस बार की ‘जुमलाबाजी’ पर जनता कैसे भरोसा करे?

Also Read: Budget 2026: अब 31 जुलाई तक भर सकेंगे ITR, विदेश में पढ़ाई और इलाज हुआ सस्ता, 1 अप्रैल से लागू होगा नया इनकम टैक्स एक्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.