Lucknow News: गांजा तस्करों के सिंडिकेट का भंडाफोड़, गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार
Lucknow News: राजधानी के विकासनगर थाने की पुलिस ने गांजा बेचने वाले एक शातिर सिंडिकेट के दो और सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस सिंडिकेट के दो सदस्यों को पुलिस 23 जनवरी को ही जेल भेज चुकी थी, जिसके बाद अब तक कुल 4 सदस्य सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से करीब 1 किलो अवैध गांजा और नकद रुपए बरामद हुए हैं।
पुलिस टीम शनिवार को सब्जी मंडी क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी कर जब उन्हें पकड़ा गया, तो उनकी पहचान जियाउद्दीन (29 वर्ष) और मोहम्मद सुहैल (20 वर्ष) के रूप में हुई। शुरुआती तलाशी में उनकी जेब से गांजे की 5 पुड़िया मिलीं।
पकड़े जाने के बाद आरोपियों ने पुलिस को काफी देर तक गुमराह किया, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने सच उगल दिया। रविवार को आरोपियों की निशानदेही पर सचिवालय तिराहे के पास एक मैदान की बाउंड्री में पड़ी पुरानी लोहे की पाइप से 956 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए यह सिंडिकेट चलाते थे। वे गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में बेचते थे। जियाउद्दीन के पास से 500 ग्राम और मोहम्मद सुहैल के पास से 456 ग्राम गांजा बरामद हुआ है।
इस गिरोह का सदस्य जियाउद्दीन कोई मामूली अपराधी नहीं है। उसका आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ लखनऊ के गोमतीनगर, मड़ियांव, गुडम्बा और गाजीपुर जैसे विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और धोखाधड़ी के 28 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, मोहम्मद सुहैल का यह पहला बड़ा आपराधिक मामला सामने आया है।

