अब 60 मिनट में लखनऊ से वाराणसी पहुंचाएगी बुलेट ट्रेन, यूपी को मिली दो बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की सौगात

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में रेल सफर की परिभाषा अब पूरी तरह बदलने वाली है। केंद्र सरकार के ताज़ा बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी के बीच हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा कर यूपी के यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। इस कॉरिडोर के तैयार होने के बाद लखनऊ से दिल्ली का सफर किसी ‘हवाई यात्रा’ जैसा होगा, लेकिन बिना एयरपोर्ट की झंझट के।

300 किमी/घंटा की रफ़्तार: सुबह दिल्ली, शाम को घर वापसी

हाई-स्पीड कॉरिडोर पर चलने वाली बुलेट ट्रेन 300 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से पटरियों पर दौड़ेगी। इसका सबसे बड़ा फायदा समय की बचत के रूप में मिलेगा।

लखनऊ से दिल्ली: 490 किमी की दूरी अब महज 2 घंटे में तय होगी।

लखनऊ से वाराणसी: संगम नगरी या काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए अब सिर्फ 1 घंटा लगेगा।

दिल्ली से वाराणसी: राजधानी से काशी का सफर सिर्फ 3 घंटे का रह जाएगा।

इन शहरों की चमकेगी किस्मत

यह कॉरिडोर यूपी के कई प्रमुख शहरों को आपस में जोड़ेगा। उम्मीद है कि यह रूट गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, कानपुर और लखनऊ से होकर गुजरेगा। इसके अलावा अयोध्या और गोरखपुर जैसे शहरों को भी इसका सीधा या अप्रत्यक्ष लाभ मिलना तय है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इससे व्यापार और पर्यटन दोनों को पंख लगेंगे।

किराया और सुविधा: विमानों को मिलेगी टक्कर

बुलेट ट्रेन का किराया विमानों के किराये के आसपास रहने की उम्मीद है।

अनुमानित किराया: लखनऊ से दिल्ली का औसत किराया करीब ₹5,000 हो सकता है।

फ्लाइट से दिल्ली जाने में बोर्डिंग, चेक-इन और यात्रा मिलाकर कुल 3 से 4 घंटे लग जाते हैं। बुलेट ट्रेन में आप सीधे शहर के केंद्र (स्टेशन) पर पहुंचेंगे और वह भी मात्र 2 घंटे में, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।

2.5 लाख करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट

दिल्ली से सिलीगुड़ी तक वाया वाराणसी बनने वाला यह पूरा कॉरिडोर करीब 1500 किमी लंबा होगा।

दिल्ली-वाराणसी हिस्सा: 790 किमी।

वाराणसी-सिलीगुड़ी हिस्सा: 720 किमी। इस महापरियोजना पर लगभग ढाई लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

बदल जाएगा यूपी का नक्शा

रेलवे अधिकारी इस घोषणा से बेहद उत्साहित हैं। पहले वंदे भारत स्लीपर के हाथ से निकलने की जो कसर थी, वह अब बुलेट ट्रेन कॉरिडोर ने पूरी कर दी है। अब वो दिन दूर नहीं जब “दिल्ली दूर है” वाली कहावत बीती बात हो जाएगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.