‘भाजपा कर रही है वोट चोरी का षड्यंत्र’, लखनऊ की महापंचायत में बोले अविनाश पाण्डेय और अजय राय
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस इन दिनों प्रदेश भर में ‘संविधान संवाद महापंचायत’ के जरिए जनता के बीच अपनी पैठ मजबूत करने में जुटी है। इसी कड़ी में रविवार को राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित नटकुर गांव में तीसरी महापंचायत आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और लोकतंत्र व मजदूर हितों के मुद्दों को उठाया।
जनता की योजनाओं में व्याप्त है भ्रष्टाचार – अविनाश पाण्डेय
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में योजनाओं का लाभ जनता तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने कहा एसआईआर (वोटर पुनरीक्षण) के नाम पर वोट चोरी की जा रही है। यह देश के लोकतंत्र को खत्म करने का एक बड़ा षड्यंत्र है। सरकार की योजनाओं में भ्रष्टाचार इस कदर व्याप्त है कि आम आदमी का हित पूरी तरह हाशिए पर चला गया है।
मनरेगा खत्म करना मजदूरों पर प्रहार – अजय राय
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा मनमोहन सरकार ने ‘मनरेगा’ को एक कानून (एक्ट) बनाकर मजदूरों को काम की गारंटी दी थी, लेकिन भाजपा इसे खत्म कर अपनी मजदूर और किसान विरोधी मानसिकता का परिचय दे रही है।
अजय राय ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों की जमीनें सस्ते दामों पर पूंजीपतियों को बांटी जा रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग मोटरसाइकिल और मोबाइल बांटकर सत्ता हथियाना चाहते हैं, जनता को उन्हें अपना कीमती वोट देने की जरूरत नहीं है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जुटा भारी हुजूम
जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह ‘बब्लू’ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता शामिल हुए। मंच पर पूर्व विधायक वीरेंद्र चौधरी, इन्दल रावत, और दिनेश कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
महापंचायत के दौरान वक्ताओं ने संकल्प लिया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को संविधान के प्रति जागरूक करेंगे और सरकार की ‘जनविरोधी’ नीतियों का खुलासा करेंगे।
Also Read: अब 60 मिनट में लखनऊ से वाराणसी पहुंचाएगी बुलेट ट्रेन, यूपी को मिली दो बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की सौगात

